
Stock Market Rally today 15 June 2026: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति बनने के बाद आज शेयर बाजार में जोरदार उछाल देखा जा रहा है। आज के शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 1,197.32 अंक या 1.59% चढ़कर 76,725.27 के लेवल पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 361.95 अंक या 1.53% मजबूत होकर 23,984.85 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। इस दौरान बैंक निफ्टी इंडेक्स 864.85 अंक या 1.52% उछाल के साथ 57,679.65 के लेवल पर खुला। दोनों देशों के बीच शांति समझौते और समुद्री व्यापार मार्ग से नाकेबंदी हटने के ऐलान के बाद सोमवार को कच्चा तेल की कीमतें 4% से ज्यादा टूट गईं। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 3.95% की गिरावट के साथ 83.88 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) भी 4.68% फिसलकर 80.91 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
सुबह 9:25 बजे 30 शेयरों वाले BSE सेंसेक्स में 29 शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे, जबकि एक शेयर पर दबाव देखा गया। सबसे ज्यादा उछाल इंडिगो के शेयरों में 3.70% का दर्ज किया गया, जबकि इटर्नल के शेयरों में 3.50% की तेजी आई। इसके बाद, बजाज फाइनेंस के शेयर 3.40% मजबूत होकर कामकाज कर रहे थे, जबकि बजाज फिनसर्व के शेयर 3.17% बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे थे। वहीं, अल्ट्राटेक सीमेंट में लगभग 3% की तेजी आई। दूसरी तरफ, सनफार्मा के शेयर 0.20% के करीब लुढ़ककर कारोबार कर रहे थे।
शेयर बाजार आई इस तूफानी तेजी की वजह से निवेशकों को बंपर मुनाफा हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड सभी कंपनियों के संयुक्त मार्केट कैपिटलाइजेशन में 8 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद यह बढ़कर 470 लाख करोड़ रुपये हो गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा, "पश्चिम एशिया में शांति के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेज गिरावट आई है और यह 84 डॉलर के नीचे पहुंच गया है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार दोनों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इस नई स्थिति में FY27 के लिए जीडीपी ग्रोथ 6.9% और सीपीआई महंगाई 4.6% रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। ये दोनों आंकड़े बाजार के लिए अच्छे संकेत हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बैंकिंग शेयर आज बाजार का नेतृत्व करेंगे। बड़े प्राइवेट बैंकों में शॉर्ट पोजीशन काफी है, जिसकी वजह से शॉर्ट कवरिंग बढ़ेगी। इस बाजार में जहां ग्रॉस वैल्यूएशन सामान्य है, वहां बैंकिंग शेयरों की वैल्यूएशन आकर्षक है। निफ्टी मिडकैप 29 गुना और निफ्टी स्मॉलकैप 33 गुना PE पर ट्रेड कर रहे हैं, जबकि निफ्टी 20 गुना के आसपास है। यानी, ये सेगमेंट अभी भी महंगे हैं। लेकिन Q4 FY26 में इनका बेहतर प्रदर्शन और FY27 में अच्छी कमाई की उम्मीद के चलते निवेशक इनमें पैसा लगाते रहेंगे।
PHD कैपिटल ने कहा, "निफ्टी 24,000 के लेवल को टेस्ट कर रहा है, जो मजबूत रेजिस्टेंस बना हुआ है। यह तेजी ज्यादातर भारी शॉर्ट कवरिंग से आई है, न कि नई बायिंग से। शॉर्ट कवरिंग से इंडेक्स ऊपर जा सकता है और थोड़ी देर के लिए रेजिस्टेंस पार भी कर सकता है, लेकिन यह टिकाऊ नहीं होता है। इसलिए सबसे संभावित सिनेरियो यह है कि निफ्टी पहले 23,600 से 24,000 के बीच बचे गैप को भरने आएगा। नीचे की तरफ 23,800-23,850 पर सपोर्ट है, जहां पुट राइटिंग देखने को मिल रही है। अगर 23,850 टूटा तो अगला स्तर 23,600 रहेगा। सेक्टरों की स्थिति भी अभी मजबूत नहीं है। आईटी में नेगेटिव मोमेंटम जारी है और कोई बेस नहीं बना है, इसलिए यह लगातार ड्रैग बना रहेगा। हेल्थकेयर पहले चढ़ चुका है और अब ब्रॉडर मार्केट हरे में होने के बावजूद लाल है, जो प्रॉफिट बुकिंग का संकेत है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.