
Stock Market Rally Today: शेयर बाजार में बुधवार को जोरदार वापसी की है। आज के कारोबार में सेंसेक्स 800 अंकों से ज्यादा चढ़कर 85,377 तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी 250अंक से अधिक की छलांग लगाते हुए 26,100 का लेवल फिर हासिल कर लिया। दोनों इंडेक्स अब अपने ऑलटाइम हाई से महज कुछ कदम दूर हैं। आज निवेशकों की खरीदारी से सेंसेक्स में शामिल सभी कंपनियों का मार्केट कैपिटल में एक ही दिन में 4.23 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। वैल्यूएशन 473.65 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। आइए जानते हैं कि आज किन फैक्टर्स की वजह से मार्केट में बूम आया है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दिसंबर में बेंचमार्क ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। यह आज की रैली के लिए सबसे बड़ा ट्रिगर बना। हालिया कमजोर अमेरिकी इकोनॉमिक डेटा ने रेट कट की उम्मीदों को बढ़ा दिया है। CME ग्रुप के फेडवॉच टूल के मुताबिक, 85 प्रतिशत से ज्यादा निवेशक मान रहे हैं कि जेरोम पॉवेल के नेतृत्व वाली फेड नीतिगत दरों में कटौती करेगी।
इसके साथ ही भारतीय शेयर बाजार को ग्लोबल मार्केट का भी सपोर्ट मिला है। मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार ने शानदार मजबूती के साथ कारोबार की समाप्ति की। इसका असर एशियाई बाजारों पर देखने को मिला। जापान का निक्केई 1.8 प्रतिशत तक उछला, जबकि MSCI का एशिया-पैसिफिक इंडेक्स (जापान को छोड़कर) 1 फीसदी चढ़ा। अमेरिकी फ्यूचर्स भी सुबह के कारोबार में हल्के हरे निशान में थे।
इसके अलावा, इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतें 1 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। ब्रेंट क्रूड 60 डॉलर प्रति बैरल के थोड़ा ऊपर कारोबार कर रहा है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार बिकवाली के बाद मंगलवार को फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स ने जोरदार खरीदारी की। बीते कल FII 785 करोड़ रुपये के नेट बायर्स रहे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार ने कहा कि आगे चलकर FII बिकवाली कम होने की संभावना है।
मौजूदा फाइनेंशियल ईयर के Q2 में ज्यादातर कंपनियों का रिजल्ट कमजोर रहा, लेकिन डाउनग्रेड का सिलसिला थमता दिख रहा है। ब्रोकरेज का मानना है कि अर्निंग्स में कटौती की साइकिल अब नीचे की तरफ पहुंच चुकी है। वित्त वर्ष 2026-27 से डबल डिजिट में फिर से कमाई में बढ़ोतरी शुरू होने का अनुमान लगाया जा रहा है। यही वजह है कि लॉन्ग टर्म इन्वेस्टर्स फिर से मार्केट में वापसी कर रहे हैं।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.