Stock Market Selloff March 2026: भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से भारी अस्थिरता देखने को मिल रही है। बाजार में कभी तूफानी गिरावट देखने को मिलती है, तो कभी बंपर उछाल आ जाता है। इस वोलैटिलिटी के पीछे की मुख्य वजह पश्चिम एशिया में जारी जंग है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के दौरान लाखों रिटेल निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार नीचे जा रहा है और विदेशी निवेशक जमकर बिकवाली कर रहे हैं। इसी बीच, दिग्गज निवेशक विजय केडिया का बड़ा बयान आया है। उन्होंने पॉलिसी मेकर्स से छोटे निवेशकों का आत्मविश्वास बढ़ाने को लेकर ठोस कदम उठाने की बात कही है।
इन्फोसिस के पूर्व CFO ने जाहिर की चिंता
दिग्गज निवेशक विजय केडिया का यह सुझाव इन्फोसिस के पूर्व CFO मोहनदास पाई के एक ट्वीट के बाद आया है। दरअसल, मोहनदास पाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए बाजार की गिरावट को बड़ा संकट करार दिया है। पाई का कहना है कि विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और जियो-पॉलिटिकल टेंशन के कारण सबसे ज्यादा नुकसान उन छोटे SIP निवेशकों को हो रहा है, जो लंबे समय के लिए मार्केट में टिके हुए थे। उन्होंने सुझाव दिया कि SEBI को तुरंत लिस्टेड कंपनियों को ओपन मार्केट बायबैक की इजाजत देनी चाहिए।
विजय केडिया ने दिया ये सुझाव
पाई के इस ट्वीट पर कमेंट करते हुए के विजय केडिया ने भी यही बात दोहराई है। केडिया ने X पोस्ट में कहा, "विदेशी निवेशकों (FII) के बाहर निकलने के बावजूद खुदरा निवेशकों ने चुपचाप बाजार को संभाले रखा है। अब नीति को उनके इस भरोसे को आगे बढ़ाना चाहिए।आखिरकार, बाजार केवल बेचने से ही नहीं गिरते, बल्कि तब भी गिरते हैं जब कोई खरीदने को तैयार नहीं होता। खुले बाजार में बायबैक से इस अंतर को पाटने में मदद मिल सकती है।"
मार्च में निवेशकों को 48 लाख करोड़ का नुकसान!
बता दें कि मार्च महीने में अब तक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड सभी कंपनियों के मार्केट कैपिटल में 48 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है। सोमवार, 23 मार्च को बाजार बंद होने तक यह 415 लाख रुपये पर आ गया था। बाजार में इस भारी गिरावट की मुख्य वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की चौतरफा बिकवाली है। सोमवार को भी FII ने भारतीय इक्विटी मार्केट में 10,414 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। यह पिछले 17 सत्रों से लगातार जारी है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।