Stock Market Today 5 May 2026: देश में बीते कल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के रिजल्ट्स घोषित किए गए। चुनावी परिणाम आने के बाद आज शेयर बाजार में दबाव देखा जा रहा है। सेंसेक्स 165.68 अंक लुढ़ककर 77,103.72 के लेवल पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 66.7 कमजोर होकर 24,052.60 के नीचे ओपनिंग दी।
इन शेयरों में मामूली उछाल
आज के कारोबार में सुबह 9:30 बजे के करीब भारती एयरटेल के शेयर 0.83% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे,जबकि रिलायंस के शेयरों में 0.49% की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद BEL के शेयर 0.33% चढ़े, जबकि इन्फोसिस के शेयर 0.26% मजबूत होकर कारोबार कर रहे हैं। वहीं, TCS के शेयरों में 0.17% की तेजी देखी जा रही है।
इन शेयरों में गिरावट
दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस के शेयर 1.30% लुढ़ककर कामकाज कर रहे हैं, जबकि बजाज फिनसर्व के शेयर 1.11% टूटकर ट्रेड कर रहे हैं। इसके बाद ICICI Bank के शेयर 1.06% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं, जबकि सनफार्मा के शेयर 1.04% टूटकर ट्रेड कर रहे हैं। टाटा स्टील के शेयरों में 0.90% की गिरावट दर्ज की जा रही है।
एक्सपर्ट की राय
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट डॉ. वीके विजय कुमार ने कहा, "बीजेपी की पश्चिम बंगाल में मिली चुनावी जीत से बाजार को जो भावनात्मक उछाल मिला है, वह ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा। बाजार की दिशा अब पश्चिम एशिया की घटनाओं, खासकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति तय करेगी। हॉर्मुज क्षेत्र में फिर से तनाव बढ़ने और ब्रेंट क्रूड के 113 डॉलर के आसपास पहुंचने से बाजार पर दबाव बना हुआ है। साथ ही, अमेरिकी 10 साल के बॉन्ड यील्ड के 4.44 प्रतिशत तक चढ़ने और रुपए के 95.23 के स्तर तक कमजोर होने से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के फ्लो के लिए माहौल प्रतिकूल हो गया है। कल कैश मार्केट में एफआईआई की जो खरीदारी दिखी, उसे किसी बड़े ट्रेंड की शुरुआत मानना ठीक नहीं होगा। आने वाले दिनों में बाजार की चाल मुख्य रूप से कंपनियों के चौथी तिमाही (Q4) नतीजों और उनके प्रबंधन की कमेंट्री पर निर्भर करेगी।"
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।