
Stocks to Watch Today: शेयर बाजार में आज कमजोर शुरुआत के आसार हैं। इससे पहले, लगातार चार कारोबारी सत्रों में तेजी दर्ज की गई है। बीते कल यानी मंगलवार को बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 1,225 अंक या 1.62 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 76,917.85 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 370 अंक या 1.58 फीसदी की बढ़त के साथ 23,810.85 के इंट्राडे हाई पर बंद हुआ। वहीं, आज सुबह गिफ्ट निफ्टी हल्की गिरावट के साथ कामकाज कर रहा था। इसी बीच, कई शेयर निवेशकों की रडार पर रहने वाले हैं।
आज BSE, FSN E-Commerce Ventures (Nykaa), लेंसकॉर्ट सॉल्यूशंस, पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन, Cummins India, Zydus Lifesciences और अपोल हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज के वित्तीय नतीजे पेश होने वाले हैं।
सितंबर 2026 में दलाल स्ट्रीट पर अपनी शुरुआत करने के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अपने पहले तिमाही नतीजे पेश किए हैं। एक्सचेंज का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट (PAT) सितंबर 2026 में सालाना आधार पर 23 फीसदी बढ़कर 2,578 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,098 करोड़ रुपये था।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट Q2FY27 में 14 फीसदी की सालाना बढ़त के साथ 23,038 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि बीते साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 20,160 करोड़ रुपये रहा था।
IT सर्विस प्रोवाइडर कंपनी Happiest Minds Technologies ने सितंबर तिमाही में मजबूती दिखाई है। FY27 की दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15.12 फीसदी बढ़कर 62.19 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
अक्टूबर के महीने में IEX पर कुल पावर ट्रेडिंग वॉल्यूम सालाना आधार पर 16.5 फीसदी बढ़कर 13.1 बिलियन यूनिट (BU) रहा। रियल-टाइम मार्केट वॉल्यूम में 23.7 फीसदी की तेजी आई और यह 5.7 BU पहुंच गया, जबकि डे-अहेड मार्केट वॉल्यूम 3.8 फीसदी घटकर 4,508 मिलियन यूनिट (MU) दर्ज हुआ।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज(MCX) के रिजल्ट्स ने सबको चौंकाया है। एक्सचेंज का नेट प्रॉफिट 130 फीसदी के भारी उछाल के साथ 454.57 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 197.47 करोड़ रुपये था।
जूता-चप्पल बनाने वाली दिग्गज कंपनी बाटा इंडिया के मुनाफे में भी सुधार दिखा है। सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 28.6 फीसदी बढ़कर 18 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह 14 करोड़ रुपये रहा था।
वी-मार्ट रिटेल के लिए दूसरी तिमाही में नेट लॉस बढ़कर 16 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले फाइनेंशियल ईयर की समान तिमाही में 8.87 करोड़ रुपये था।
फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस ऑपरेटर Awfis Space Solutions का नेट प्रॉफिट 93.7 फीसदी की बढ़त के साथ 31 करोड़ रुपये रहा।
एग्रोकेमिकल कंपनी चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स के मुनाफे में हल्का दबाव देखने को मिला। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 2.6 फीसदी घटकर 632 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि बीते साल की समान तिमाही में यह 649 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।