Sun Pharma Assam Investment Plan: देश की टॉप दवा कंपनियों में से एक सन फार्मासुटिकल (Sun Pharma) ने विस्तार योजना का ऐलान किया है। कंपनी असम में एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने की तैयारी कर रही है, जिसके लिए 500 करोड़ रुपये निवेश की योजना है। इस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के स्थापित होने से 500 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। दवा कंपनी के सीनियर मैनेजमेंट ने बुधवार को सीफ सेक्रेटरी के साथ हुई मीटिंग में प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा की थी।
मुख्य सचिव ने दी जानकारी
मुख्य सचिव रवि कोटा ने बुधवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसके बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा,' सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और असम में फार्मासुटिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के कंपनी के प्रस्ताव की समीक्षा की।'
2 चरणों में होगा निवेश
कंपनी की तरफ से सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राहुल अवस्थी और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट रंजीत मोहापात्रा ने कोटा से मुलाकात की। मुख्य सचिव ने कहा, 'प्रस्ताव में राज्य में दवा फॉर्मुलेशन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स की स्थापना शामिल है, जो भारतीय बाजार की जरूरतों को पूरा करेंगी। इस प्रोजेक्ट में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का नियोजित निवेश दो फेज में किया जाएगा।' उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद स्टेप-बाय-स्टेप तरीके से इस प्रोजेक्ट से 500 से ज्यादा लोगों को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है।
दुनिया की चौथी सबसे बड़ी कंपनी है Sun Pharma
कोटा ने बताया कि सन फार्मा, फार्मासुटिकल सेक्टर की दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और भारत की सबसे बड़ी कंपनी है। इसके पांच महाद्वीपों में 40 से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। इसके अलावा, 100 से ज्यादा देशों में परिचालन है।
Sun Pharma शेयर प्राइस
बता दें कि गुरुवार को सन फार्मा के शेयर 1,699 रुपये के भाव कामकाज के लिए खुले, जबकि बुधवार को 1704.40 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे। वहीं, दोपहर 1:8 बजे 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,699 के भाव पर ट्रेड कर रहे हैं।