
Suzlon Energy Share Price: विंड एनर्जी सेक्टर की फेमस कंपनी सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) के निवेशकों के लिए पिछले कुछ महीने चुनौतीपूर्ण रहे हैं। कभी यह स्टॉक रॉकेट की रफ्तार से भाग रहा था, लेकिन पिछले 6 महीनों में इसने लगभग 30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है। मंगलवार को भी सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में दबाव देखने को मिला। आज के कारोबार में यह करीब 2 प्रतिशत टूटकर 47.15 रुपये के भाव पर आ गया।
पिछले एक साल के दौरान यह 74.30 रुपये तक का सफर तय कर चुका है। लेकिन पिछले कुछ दिनों लगातार आ रही गिरावट से निवेशक परेशान हो चुके हैं। उनके मन में सवाल उठ रहा है कि क्या सुजलॉन एनर्जी के अच्छे दिन बीत गए हैं? क्या इसमें अब कोई मौका नहीं बन रहा है? लेकिन इसी बीच घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने एक रिपोर्ट जारी की है, जो निवेशकों को राहत दे सकती है।
सुजलॉन के शेयरों में आई हालिया कमजोरी के पीछे कई ठोस कारण माने जा रहे हैं। निवेशक इस बात को लेकर चिंतित हैं कि सोलर एनर्जी और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) के बढ़ते चलन के कारण विंड एनर्जी की डिमांड कहीं कम न हो जाए। इसके अलावा, विंड प्रोजेक्ट्स के लगने की धीमी रफ्तार और बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने भी सेंटीमेंट को बिगाड़ा है। फाइनेंशियल ईयर 2026 में अब तक यह शेयर 15 फीसदी लुढ़क चुका है। सुजलॉन का मार्केट कैपिटल भी गिरकर 65,000 करोड़ रुपये के नीचे आ गया है। लेकिन ब्रोकरेज ने इस गिरावट को अस्थाई बताया है। मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि रिस्क-रिवॉर्ड रेशियो अब निवेशकों के पक्ष में नजर आ रहा है।
मोतीलाल ओसवाल ने सुजलॉन एनर्जी पर Buy रेटिंग बरकरार रखी है। वहीं, 74 रुपये प्रति शेयर का टार्गेट प्राइस सेट किया है। यह टार्गेट सुजलॉन के मौजूदा शेयर प्राइस से लगभग 55 प्रतिशत ज्यादा है। ब्रोकरेज ने इस टार्गेट के पीछे तर्क दिया कि भारत में डेटा सेंटर्स, पब्लिक सेक्टर यूनिट्स (PSUs) और कमर्शियल व इंडस्ट्रियल (C&I) उपभोक्ता मिलकर 2030 तक 20-24 गीगावाट (GW) की अतिरिक्त विंड एनर्जी की मांग पैदा करेंगे। यह डिमांड भारत सरकार के 100GW के निर्धारित टार्गेट के अलावा होगी। इसमें से 20 प्रतिशत मांग केवल डेटा सेंटर्स से आने की उम्मीद है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.