टाटा ग्रुप की बड़ी फाइनेंशियल कंपनी टाटा कैपिटल अब शेयर बाजार में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। सेबी ने कंपनी के IPO के ड्राफ्ट डॉक्युमेंट को मंजूरी दे दी है, जिससे यह बहुप्रतीक्षित इश्यू लॉन्च के एक कदम और करीब पहुंच गया है।
दरअसल टाटा ग्रुप की फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी टाटा कैपिटल को अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए बड़ी मंजूरी मिल गई है। SEBI (भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड) ने कंपनी के कॉन्फिडेंशियल ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को हरी झंडी दे दी है।
यह IPO करीब ₹17,200 करोड़ का होगा और इसमें फ्रेश शेयर्स इश्यू और टाटा संस के ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल होंगे। बता दें कि टाटा संस के पास फिलहाल टाटा कैपिटल में 93% हिस्सेदारी है।
टाटा ग्रुप इस इश्यू से करीब $11 बिलियन (लगभग ₹91,000 करोड़) की वैल्यूएशन टारगेट कर रहा है। अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक हुआ, तो यह 2025 का सबसे बड़ा IPO बन सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाटा कैपिटल अब जल्द ही अपडेटेड DRHP सेबी की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से फाइल करेगी और फिर जुलाई के पहले हफ्ते में फाइनल रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) दाखिल कर सकती है।
आरबीआई के नियमों के तहत टाटा संस और टाटा कैपिटल को 'अपर लेयर एनबीएफसी' की कैटेगरी में रखा गया है। इस कैटेगरी की कंपनियों को तीन साल के भीतर पब्लिक लिस्टिंग कराना जरूरी होता है। इसी वजह से सितंबर 2025 तक टाटा कैपिटल का शेयर बाजार में लिस्ट होना अनिवार्य है।