Tata Stocks Price Falls: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को टाटा ग्रुप के शेयरों में अचानक बिकवाली तेज हो गई। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह टाटा सन्स (Tata Sons) के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का इस्तीफा देना है। हालांकि, चंद्रशेखरन अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपते हुए दोबारा नियुक्ति नहीं लेने का फैसला लिया है। इस खबर के आने के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। टाटा ग्रुप के निवेशक पैनिक सेलिंग करने लगे, जिससे कई प्रमुख शेयरों में 5 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आ गई।
5% तक टूट गए TCS के शेयर
टाटा ग्रुप के शेयरों में सबसे ज्यादा असर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) पर देखने को मिला। देश की सबसे बड़ी IT सर्विस कंपनी के शेयर लगभग 5 फीसदी टूट गए। NSE पर TCS का शेयर 4.55 फीसदी गिरकर 2,336.90 रुपये पर कारोबार कर रहा था। यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब पूरे शेयर बाजार का माहौल भी कमजोर बना हुआ है। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।
टाइटन सहित अन्य शेयरों में भी गिरावट
Tata Group की दूसरी कंपनियों के शेयर भी बुधवार को लाल निशान में नजर आए। टाटा कंज्यूमर्स प्रोडक्ट्स में करीब 1.6 फीसदी की गिरावट रही। वहीं, Titan Company का शेयर लगभग 1.3 फीसदी नीचे आ गया। टाटा स्टील और इंडियन होटल्स कंपनी के शेयर भी दबाव में रहे। दोनों में क्रमश: 1.13 फीसदी और 1.04 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। Tata Technologies, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन और टाटा मोटर्स पैसेंजर्स व्हीकल्स के शेयरों में भी करीब 1 फीसदी तक कमजोरी देखने को मिली।
चंद्रशेखरन ने अपने पद से क्यों दिया इस्तीफा?
बता दें कि एन चंद्रशेखरन का टाटा ग्रुप के साथ लंबा जुड़ाव रहा है। उन्होंने 1987 में समूह में अपना सफर शुरू किया था। इसके बाद वह TCS के CEO बने और 2009 में कंपनी की कमान संभाली। साल 2017 में उन्हें टाटा सन्स का चेयरमैन बनाया गया। उनकी दोबारा नियुक्ति को लेकर समूह के भीतर भी चर्चा चल रही थी। फरवरी में चंद्रशेखरन दोबारा नियुक्ति पर फैसला टाल दिया था। रॉयटर्स की पिछली रिपोर्ट के मुताबिक, टाट ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने उनके दोबारा नियुक्ति के प्रस्ताव का विरोध किया था।