Tata Investment Stock Split: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026 की पहली तिमाही के लिए अपना रिजल्ट पेश कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने स्टॉक स्प्लिट का भी ऐलान किया है। कंपनी ने कहा कि वह 1:10 के रेश्यो में शेयरों का विभाजन करेगी। यानी, मौजूदा समय में जिन शेयरोंधारकों के पास कंपनी के एक शेयर होंगे, वे स्टॉक स्प्लिट के बाद 10 बन जाएंगे। ऐसे में इनकी फेस वैल्यू 10 रुपये के बदले 1 रुपये प्रति शेयर हो जाएगी।
शेयरधारकों की मंजूरी बाकी
हालांकि, स्टॉक स्प्लिट के लिए अभी शेयरधारकों की मंजूरी बाकी है। यह मंजूरी पोस्टल बैलट के माध्यम से ली जाएगी। साथ ही, जरूरी सरकारी और नियामक मंजूरियां भी लेनी होंगी। कंपनी ने अपनी एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इस कदम से शेयरों को ज्यादा किफायती बनाकर छोटे निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने और मार्केट में शेयरों की लिक्विडिटी सुधारेगी।
टाटा इन्वेस्टमेंट स्टॉक स्प्लिट रिकॉर्ड डेट
कंपनी ने अभी स्टॉक स्प्लिट रिकॉर्ड डेट का ऐलान नहीं किया है। शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद इसे तय किया जाएगा। ट्रेंडलाइन डेटा के मुताबिक, कंपनी का यह पहला स्टॉक स्प्लिट है। हालांकि, कंपनी ने 2005 में अपने शेयरधारकों को 1:2 के अनुपात में बोनस शेयर दिए थे।
कंपनी ने जारी किया दमदार रिजल्ट
बता दें कि टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन ने अप्रैल-जून तिमाही 2025 के लिए कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा (PAT) में 1.6% की बढ़ोतरी दर्ज की है। यह पिछले साल के 131.07 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था, जबकि इस बार 146.30 करोड़ रुपये हो गया है। इस दौरान ऑपरेशन से रेवेन्यू 2.1% बढ़कर 145.46 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में 142.46 करोड़ रुपये था। इन मजबूत नतीजों के बाद कंपनी के शेयर BSE पर 3.8% की तेजी के साथ 7,033.60 रुपये पर पहुंच गए।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।