Tejas Networks Share: टाटा ग्रुप की प्रमुख टेलीकॉम गियर कंपनी तेजस नेटवर्क्स (Tejas Networks) के शेयरों में आज बाजार खुलते ही लगभग 12 फीसदी की धमाकेदार तेजी देखने को मिली है, जिसके बाद यह 576.85 रुपये के भाव पर पहुंच गया। इस तेजी के पीछे की वजह टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज(TCS) की तरफ से मिला ए ऑर्डर है। तेजस नेटवर्क्स को BSNL के देशव्यापी 4G मोबाइल नेटवर्क विस्तार के लिए TCS से लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) मिला है। इस डील के तहत तेजस नेटवर्क्स को कुल 18,685 साइटों के लिए RAN इक्विपमेंट, एसेसरीज और इंस्टॉलेशन से जुड़ा सामान मुहैया कराना होगा। इस पूरे सौदे का साइज 1,537 करोड़ रुपये है। टीसीएस जल्द ही PO भी जारी करेगी।
Tejas Networks के ऑर्डर बुक में बड़ा उछाल
TCS से यह ऑर्डर मिलने के बाद कंपनी की ऑर्डर बुक में भारी इजाफा हुआ है। जून तिमाही के अंत तक कंपनी की ऑर्डर बुक 1,529 करोड़ रुपये पर थी। इसमें घरेलू ऑर्डर्स की हिस्सेदारी 93 फीसदी थी। कंपनी के इन्वेस्टर्स प्रेजेंटेशन के मुताबिक, आने वाले दिनों में एक और बड़ा ऑर्डर पाइपलाइन में है। यह ऑर्डर BSNL के पैन-इंडिया नेटवर्क की 26,000 अतिरिक्त 4G साइटों से जुड़ा हुआ है, जो इसी लेटर ऑफ इंटेंट का हिस्सा है।
कैसी है कंपनी की वित्तीय स्थिति?
अगर कंपनी की वित्तीय स्थिति को देखें, तो चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी को 202 करोड़ रुपये का नेट लॉस उठाना पड़ा है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 194 करोड़ रुपये था। हालांकि, राहत की बात यह है कि कंपनी का कंसोलिडेशन रेवेन्यू लगभग दोगुना होकर 402 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल यह 202 करोड़ रुपये था। इंटरनेशनल मार्केट में 5G रेडियो की शिपिंग और घरेलू बाजार में 100G व 400G ऑप्टिकल प्रोडक्ट्स की डिमांड ने इस रेवेन्यू ग्रोथ को सहारा दिया है।
तेजस नेटवर्क्स शेयर प्रदर्शन
गौरतलब है कि तेजस नेटवर्क्स के शेयरों में आज 12 फीसदी के उछाल के बाद, पिछले एक महीने में यह स्टॉक करीब 14.33 फीसदी का रिटर्न दे चुका है, हालांकि पिछले एक साल में हल्की सुस्ती आई है और 4.19% की गिरावट बनी हुई है। 6 महीने की अवधि में 15 फीसदी से अधिक की ग्रोथ है, जबकि साल 2026 में अब तक निवेशकों को 22 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न मिला है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैपिटल 9.87 हजार करोड़ रुपये है।