
Upcoming IPOs: आईपीओ के जरिए शेयर मार्केट में निवेश करने वालों के लिए अगला हफ्ता धमाकेदार होने वाला है। अगले हफ्ते मीशो समेत कुल 14 आईपीओ खुलने जा रहे हैं। बड़े मेनबोर्ड आईपीओ और कई SME आईपीओ मिलकर 7000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी में हैं। इस रकम का बड़ा हिस्सा मीशो के आईपीओ से आएगा, जो इस हफ्ते का सबसे बड़ा आईपीओ है। SME सेगमेंट से 11 आईपीओ खुलेंगे। अगर आप आईपीओ में निवेश करना चाहते हैं तो पैसा तैयार रखें। आपके पास मौका आने वाला है।
अगले हफ्ते तीन बड़ी कंपनियां- मीशो (Meesho), एक्वस ( Aequs) और विद्या वायर्स (Vidya Wires) फोकस में रहेंगी क्योंकि बुधवार, 3 दिसंबर को इनका आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इसके लिए शुक्रवार, 5 दिसंबर तक बोली लगाई जा सकेगी, जिससे पूरे हफ्ते ट्रेडिंग का माहौल बना रहेगा।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स के सपोर्ट वाला मीशो (Meesho IPO) अगले हफ्ते सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। कंपनी का मकसद नए शेयर और ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 5,421.2 करोड़ रुपये जुटाने का है। इसमें मौजूदा शेयरहोल्डर अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचेंगे। इसका प्राइस बैंड 105-111 रुपये प्रति शेयर के बीच तय किया गया है। 8 दिसंबर को होने वाले शेयर अलॉटमेंट प्रोसेस के बाद मीशो के शेयर 10 दिसंबर को स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट होने की उम्मीद है।
एक्वस भी 3 दिसंबर को अपना पब्लिक ऑफर लेकर आ रही है। यह एक डायवर्सिफाइड कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर है, जो फ्रेश इश्यू और OFS के मिक्स से 921.81 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान बना रही है। एक्वस ने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 118-124 रुपये प्रति शेयर के बीच तय किया है। कंपनी को उम्मीद है कि 8 दिसंबर को अलॉटमेंट फाइनल हो जाएगा और इसका मार्केट डेब्यू 10 दिसंबर को होगा।
विद्या वायर्स (Vidya Wires) के आईपीओ का इश्यू साइज 300 करोड़ रुपये है। यह IPO भी 3 से 5 दिसंबर के बीच खुलेगा। इसका प्राइस बैंड 48 से 52 रुपये प्रति शेयर है। इसकी भी लिस्टिंग 10 दिसंबर को हो सकती है। यह कंपनी तांबे और एल्यूमीनियम के तारों का निर्माण करती है। एक लॉट में 288 शेयर हैं। इसके लिए निवेशक को कम से कम 14,976 रुपये निवेश करने होंगे।
इस हफ्ते SME सेगमेंट से 11 आईपीओ खुल रहे हैं। इनमें Ravelcare (24.10 करोड़ रुपये), Invicta Diagnostic (28.12 करोड़ रुपये), Clear Secured Services (85.60 करोड़ रुपये), Speb Adhesives (33.73 करोड़ रुपये), Astron Multigrain (18.40 करोड़ रुपये), Neochem Bio Solutions (44.97 करोड़ रुपये), Helloji Holidays (10.96 करोड़ रुपये), Shri Kanha Stainless (46.28 करोड़ रुपये), Luxury Time (18.74 करोड़ रुपये), Western Overseas Study Abroad (10.07 करोड़ रुपये) और Methodhub Software (87.50 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
नए IPO के साथ आने वाले हफ्ते कई कंपनियां भी शेयर मार्केट में लिस्ट होंगी। SSMD एग्रोटेक इंडिया की 2 दिसंबर, मदर न्यूट्री फूड्स और केके सिल्क मिल्स की 3 दिसंबर को लिस्टिंग होगी, जबकि एक्साटो टेक्नोलॉजीज, लॉजिकियल सॉल्यूशंस और पर्पल वेव इंफोकॉम के शेयर 5 दिसंबर को लिस्ट होंगे। ये सभी कंपनियां BSE SME एक्सचेंज पर लिस्ट होंगी।
डिस्क्लेमर: ऊपर दिए गए विचार और सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों, विशेषज्ञों और ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.