Stock Market Today: वाटर सेक्टर से जुडी टेक्नोलॉजी कंपनी VA Tech Wabag को बड़ा झटका लगा है। बुधवार, 18 दिसंबर की सुबह कंपनी के शेयर में 19 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट सऊदी वाटर अथॉरिटी से मिले एक बड़े ऑर्डर के रद्द होने की घोषणा के बाद आई।
VA Tech Wabag ने 6 सितंबर 2024 को सऊदी वाटर अथॉरिटी से 300 MLD (मिलियन लीटर प्रति दिन) क्षमता वाले मेगा सी-वाटर डीसैलिनेशन प्लांट के निर्माण के लिए 2,700 करोड़ रुपये (317 मिलियन डॉलर) का ऑर्डर मिलने की जानकारी दी थी। लेकिन अब यह ऑर्डर रद्द कर दिया गया है।
कंपनी ने मंगलवार, 17 दिसंबर को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कहा, '6 सितंबर 2024 को सऊदी अरब में 300 MLD मेगा सी-वाटर डीसैलिनेशन प्लांट के ऑर्डर से जुड़ी हमारी सूचना के संदर्भ में, हम सूचित करना चाहते हैं कि क्लाइंट ने 16 दिसंबर 2024 को सभी निविदा (कॉन्ट्रैक्ट) प्रतिभागियों को जानकारी दी कि आंतरिक प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण यह निविदा रद्द कर दी गई है।"
कंपनी ने यह भी बताया कि वह इस मामले पर और जानकारी के लिए क्लाइंट के संपर्क में है और आर्डर रद्द किए जाने के कारणों को समझने की कोशिश कर रही है।
शेयर प्राइस पर असर
इस खबर के बाद कंपनी के शेयर में तेज गिरावट देखी गई। BSE पर सुबह 9:50 बजे VA Tech Wabag का शेयर 19.17 प्रतिशत गिरकर 1,522.30 रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ और यह 1,585.10 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जो अब भी 15.31 प्रतिशत की गिरावट दर्शा रहा है।
हालांकि, लॉन्ग-टर्म में इस शेयर ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। पिछले एक साल में इस शेयर की कीमत 157 प्रतिशत तक बढ़ी है। पांच साल के दौरान इसमें 825 प्रतिशत की भारी तेजी आई है, जिससे यह निवेशकों के लिए मल्टीबैगर साबित हुआ है।
VA Tech Wabag: H1 FY25 प्रदर्शन
VA Tech Wabag ने वित्त वर्ष 2024-25 (FY25) की पहली छमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। इस दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू 1,326.8 करोड़ रुपये रहा। इसका मुनाफा (PAT) 31 प्रतिशत सालाना वृद्धि के साथ 125.6 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
कंपनी की ऑर्डर बुक H1 FY25 के अंत में 14,600 करोड़ रुपये की थी, जिसमें फ्रेमवर्क कॉन्ट्रैक्ट भी शामिल हैं।
सऊदी अरब का ऑर्डर रद्द होने के बावजूद, कंपनी के मजबूत फंडामेंटल और पिछले प्रदर्शन ने इसे निवेशकों के लिए भरोसेमंद बनाए रखा है। अब निवेशक इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि कंपनी आगे क्या कदम उठाएगी।
डिस्क्लेमर: ऊपर दिए गए विचार या सुझाव व्यक्तिगत, विशेषज्ञों या ब्रोकरेज फर्म के हैं, न कि मिंट के। निवेशकों से अनुरोध है कि निवेश का कोई भी फ़ैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श ले लें।