Vedanta Dividend 2026: देश के दिग्गज बिजनेसमैन अनिल अग्रवाल के स्वामित्व वाली माइनिंग कंपनी वेदांता लिमिटेड ने एक बार फिर अपने निवेशकों की झोली भरने का ऐलान किया है। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच कंपनी के बोर्ड ने फाइनेंशियल ईयर 2026 के लिए तीसरे अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दे दी है। इस बार निवेशकों को हर शेयर पर 11 रुपये का भुगतान किया जाएगा। वेदांता लिमिटेड डिविडेंड के लिए पात्र शेयरधारकों की पहचान के लिए रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी है। कंपनी ने शुक्रवार, 27 मार्च को रिकॉर्ड डेट घोषित किया है।
डिविडेंड की हैट्रिक
वेदांता इस पूरे वित्त वर्ष में अपने शेयरधारकों को मोटा मुनाफा बांटती रही है। इस तीसरे ऐलान से पहले ही कंपनी 23 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दे चुकी है। कंपनी ने जून 2025 को 7 रुपये प्रति शेयर का पहला अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था, जिसमें कंपनी ने कुल 2,400 करोड़ रुपये के डिविडेंड बांटे थे। इसके बाद अगस्त में कंपनी ने 16 रुपये प्रति शेयर का दूसरा भुगतान किया, जिससे कुल 6,200 करोड़ रुपये बांटे गए।
इस वित्त वर्ष में 11 रुपये प्रति शेयर का यह तीसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित किया गया है। ऐसे में डिविडेंड की कुल रकम 34 रुपये प्रति शेयर पहुंच चुकी है। इस तीसरे चरण के भुगतान से कंपनी पर लगभग 4,300 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा प्रमोटर ग्रुप वेदांता रिसोर्सेज के पास जाएगा, जिसे लगभग 2,500 करोड़ रुपये मिलेंगे।
वेदांता डीमर्जर
बता दें कि वेदांता लिमिटेड इस समय एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। कंपनी खुद को पांच अलग-अलग संस्थाओं में डीमर्जर करने की प्रक्रिया पर काम कर रही है। मौजूदा स्ट्रक्चर की बात करें, तो प्रमोटर वेदांता रिसोर्सेज के पास लिस्टेड कंपनी की 56.38% हिस्सेदारी है। लेकिन इस कंपनी में आम जनता या रिटेल इन्वेस्टर्स की भी बड़ी भागीदारी है।
वेदांता शेयरहोल्डिंग पैटर्न
दिसंबर तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक, वेदांता में लगभग 19.75 लाख रिटेल निवेशक हैं। ये वो लोग हैं जिनकी अधिकृत शेयर पूंजी 2 लाख रुपये तक है। इन छोटे निवेशकों की कंपनी में कुल 11.2% हिस्सेदारी है। इसके अलावा विदेशी संस्थानों (FIIs) के पास 12.5% और भारतीय म्यूचुअल फंड्स के पास 8.4% हिस्सा है। देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी (LIC) ने भी इसमें करीब 5% की हिस्सेदारी बनाए रखी है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।