Vedanta Q3 Results 2026: दिग्गज उद्योगपति अनिल अग्रवाल के स्वामित्व वाली खनन क्षेत्र की बड़ी कंपनी वेदांता लिमिटेड (Vedanta) ने गुरुवार को तीसरी तिमाही रिजल्ट जारी किया है। कंपनी ने दिसंबर 2025 तिमाही में शानदार कमाई की है। रिपोर्ट की गई अवधि के लिए वेदांता का नेट प्रॉफिट 60.9% की जोरदार बढ़ोतरी के साथ 5,710 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 3547 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। वहीं, अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में वेदांता लिमिटेड का ऑपरेशन से रेवेन्यू 16.9 प्रतिशत बढ़कर 23,369 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में 17,063 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था।
वेदांता EBITDA में 34.4% का उछाल
अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में वेदांता का (EBITDA) सालाना आधार पर 34.4% की बढ़कर 15,171 करोड़ रुपये रहा। मौजूदा वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजों पर कंपनी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अरूण मिश्रा ने कहा, वित्त वर्ष 26 की तिसरी तिमाही के परिणाम वेदांता के लिए मील का पत्थर साबित हुए हैं। कंपनी अब तक सबसे ज्यादा 15,171 करोड़ रुपये EBITDA दर्ज किया है। इसके साथ ही इसके दो और बिजनेसों ने अपना सबसे अच्छा फाइनेंशियल रिजल्ट पेश किया है।
उन्होंने आगे कहा, "एल्यूमिनियम ने प्रति टन 1,268 डॉलर का अब तक का सबसे मजबूत EBITDA मार्जिन हासिल किया। यह रिकॉर्ड एल्यूमिना और एल्यूमिनियम प्रोडक्शन के दम पर हुआ। जिंक इंडिया ने अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही EBITDA 6,064 करोड़ रुपये दर्ज किया, जिसमें खनन और रिफाइंड मेटल का रिकॉर्ड प्रोडक्शन रहा। चांदी ने कुल प्रॉफिट में 44 फीसदी का योगदान दिया। जिंक इंटरनेशनल में भी प्रोडक्शन में 28 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई, जिसमें गाम्सबर्ग ने अब तक की सबसे बेहतर रिकवरी हासिल की।
Vedanta के शेयरों ने बनाया नया 52 वीक हाई
शेयर बाजार में आज Vedanta Limited के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। इसके शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 4.13 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 767.55 रुपये के स्तर पर बंद हुए। लेकिन दिन के कारोबार के दौरान इसके शेयर 769.80 रुपये के 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए थे। वहीं, वेदांता के शेयरों का 52 सप्ताह का न्यूनतम स्तर 363 रुपये है। गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद वेदांता लिमिटेड का बाजार पूंजीकरण 2.85 लाख करोड़ रुपये था।