Vedanta Share Price: शेयर बाजार में बुधवार का दिन माइनिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी वेदांता लिमिटेड के शेयरों में लगातार 7वें दिन तेजी दर्ज की गई। बुधवार,17 दिसंबर को कंपनी के शेयर 2% की बढ़त के साथ 580.45 रुपये के नए ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गए। पिछले सात दिनों के भीतर ही इस स्टॉक ने अपने निवेशकों को करीब 13.5% का शानदार रिटर्न दिया है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह कंपनी के भीतर हो रहे बड़े ढांचागत बदलावों का सकारात्मक नतीजा है।
वेदांता डीमर्जर को मिली मंजूरी
दरअसल, मंगलवार को लंबे समय से अटके वेदांता डीमर्जर प्लान को NCLT की मुंबई बेंच ने मंजूरी दे दी। कंपनी अपने कारोबार को पांच अलग-अलग लिस्टेड कंपनियों में बांटने की योजना बनाई है। इस डीमर्जर के बाद वेदांता के एल्युमीनियम, ऑयल एंड गैस, पावर, और आयरन-स्टील बिजनेस स्वतंत्र रूप से काम करेंगे। कंपनी का कहना है कि इस कदम से उसके कर्ज का बोझ कम होगा और स्टेकहोल्डर्स के लिए मुनाफे के नए रास्ते खुलेंगे।
स्टॉक पर ब्रोकरेज बुलिश
डीमर्जर की हलचल के बीच दिग्गज ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने वेदांता पर अपना भरोसा जताया है। ब्रोकरेज ने रेटिंग को 'Add' से बढ़ाकर 'Buy' कर दिया है। कंपनी के लिए 650 रुपये का नया टारगेट प्राइस सेट किया है, जो मौजूदा स्तर से काफी ऊपर है। कोटक का मानना है कि वेदांता की पैरेंट कंपनी, वेदांता रिसोर्सेज के कर्ज को लेकर जो चिंताएं बाजार में थीं, वे अब लगभग खत्म हो चुकी हैं।
इसके अलावा, नुवामा रिसर्च की एक रिपोर्ट में कहा गया कि डिमर्जर के बाद एल्युमीनियम और पावर जैसे सेक्टरों की वैल्यूएशन में बड़ा सुधार होगा। रिपोर्ट के अनुसार डिमर्जर के प्रभावी होने के बाद शेयर की वैल्यू में 84 रुपये प्रति शेयर तक का अतिरिक्त इजाफा देखा जा सकता है।