Vikran Engineering Share Price: शेयर बाजार में उतार-चढाव के बीच विक्रान इंजीनियरिंग के शेयरों में उछाल देखा गया। बुधवार को इसके शेयर 95.89 के लेवल पर कामकाज के लिए खुले, जबकि 99.96 रुपये के स्तर पर पहुंचकर इंट्राडे हाई बनाए, जो 15 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त को दिखाता है। आज के कारोबार में यह बढ़ोतरी कंपनी की तरफ से एक बड़े ऑर्डर हाथ लगने के ऐलान के बाद आई है।
कंपनी को 2,000 से ज्यादा का मिला ठेका
विक्रान इंजीनियरिंग को महाराष्ट्र में 600 मेगावाट का सोलर प्रोजेक्ट डेवलअप करने के लिए 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का ठेका मिला है। विक्रान इंजीनियरिंग ने बुधवार को अपने एक बयान में कहा कि ओनिक्स रिन्यूएबल्स से प्राप्त यह ठेका इंजीनियरिंग, खरीद व निर्माण (ईपीसी) आधार पर 12 महीने की अवधि में पूरा किया जाएगा।
इसमें महाराष्ट्र में कई जगहों पर फैले कुल 600 मेगावाट एसी (वैकल्पिक धारा) सोलर प्रोजेक्ट के डिजाइन, इंजीनियरिंग, खरीद, सप्लाई, इंस्टालेशन, टेस्टिंग और चालू करने सहित सभी गतिविधियां शामिल हैं। इसमें सोलर पीवी मॉड्यूल और इनवर्टर जैसे प्रमुख घटकों की सप्लाई भी शामिल है। ठेके का कुल मूल्य 2,035.26 करोड़ रुपये है।
इसी साल लिस्ट हुई है कंपनी
बता दें कि विक्रान इंजीनियरिंग सितंबर 2025 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में शेयरों ने 12 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त हासिल की है। हालांकि, पिछले एक महीने की अवधि में शेयर 8 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) डेटा के मुताबिक, कंपनी का मार्केट कैपिटल 2,498.64 करोड़ रुपये है।
ऐसा है कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन
विक्रान इंजीनियरिंग एक विविध EPC कंपनी है। यह प्रोजेक्ट लाइफसाइकिल के दौरान सभी सॉल्यूशन देती है। कंपनी ने सितंबर 2025 की तिमाही में नेट प्रॉफिट 339.42 प्रतिशत बढ़कर 9.14 करोड़ रुपये दर्ज किया, जबकि नेट सेल 10.71 प्रतिशत बढ़कर 176.29 करोड़ रुपये हो गई।