Vodafone Idea Share Price Today: शेयर बाजार में कारोबार के आखिरी दिन यानी शुक्रवार, 9 जनवरी को दबाव देखने को मिल रहा है। इसी बीच, कर्ज में डूबी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आईडिया (VI) के शेयरों में भारी उछाल देखने को मिला। आज के कारोबार में वोडाफोन आइडिया के शेयर लगभग 9 प्रतिशत का उछाल दर्ज किए हैं। VI के शेयरों में यह तेजी कंपनी तरफ से एक ऐलान के बाद आई है। दरअसल, कंपनी ने बताया कि उसे दूरसंचार विभाग (DoT) की तरफ से एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) बकाया चुकाने के लिए एक टाइमलाइन और नया प्लान मिल गया है, जिसके बाद निवेशक एक्टिव हुए हैं।
सरकार ने AGR बकाया को किया फ्रीज
सरकार ने Vodafone Idea के भारी AGR बकाये को फिलहाल के लिए फ्रीज (Freeze) कर दिया है। कंपनी पर दिसंबर के आखिर तक कुल 87,695 करोड़ रुपये का AGR बकाया था। नए आदेश के मुताबिक, अब अगले छह सालों तक कंपनी को इस बड़ी रकम का भुगतान नहीं करना होगा। यह फ्रीज मूल राशि, ब्याज और जुर्माने—तीनों पर लागू होगा।
हर साल इतनी चुकानी होगी रकम
इस फैसले के बाद वोडाफोन आइडिया को मार्च 2026 से मार्च 2031 के बीच हर साल मामूली रकम ही चुकानी पड़ेगी। आंकड़ों के मुताबिक, इन छह सालों में कुल वार्षिक भुगतान दायित्व सिर्फ 744 करोड़ रुपये होगा, जो सालाना अधिकतम 124 करोड़ रुपये बैठता है। इसके बाद, मार्च 2032 से 2035 के बीच कंपनी को हर साल 100 करोड़ रुपये देने होंगे। असली भुगतान प्रक्रिया मार्च 2036 से शुरू होगी, जब बाकी रकम को समान किश्तों में 2041 तक चुकाया जाएगा।
12.50 रुपये के पार पहुंचा भाव
बता दें कि कैबिनेट ने 31 दिसंबर को ही इस राहत पैकेज को मंजूरी दे दी थी, जिसे अब औपचारिक रूप दे दिया गया है। आज सुबह कंपनी का शेयर 12.51 रुपये के स्तर तक जा पहुंचे, जबकि गुरुवार को ये 11.50 रुपये के भाव पर बंद हुए थे।