8th Pay Commission: 8वां वेतन आयोग अपनी सिफारिशों को अंतिम रूप देने के करीब है। इस बीच केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के बीच उम्मीदें बढ़ती जा रही हैं, क्योंकि उन्हें वेतन में तगड़े इजाफे और मोटे एरियर की उम्मीद है। 1 जनवरी, 2026 से प्रभावी हुआ 8वें वेतन आयोग अगले 14 से 18 महीनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर सकता है। रिपोर्ट लागू होते ही लाखों कर्मचारियों के वेतन और पेंशनर्स की पेंशन में संशोधन होगा। इसके बीच की अवधि के लिए बकाया भुगतान भी शुरू हो जाएगा। बकाया राशि काफी अधिक हो सकती है।
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर आयोग की सिफारिशें लागू होती हैं तो कर्मचारियों को 20 महीने का लंबित एरियर मिल सकता है। यह राशि करीब 3.6 लाख रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक हो सकती है। यह उनके बेसिक पे पर निर्भर करेगा। ऐसे में यह राशि कर्मचारियों के लिए बड़ी आर्थिक राहत साबित हो सकती है।
फिटमेंट फैक्टर से तय होंगी चीजें
फिटमेंट फैक्टर वह नंबर है जिसका इस्तेमाल पे कमीशन के तहत बेसिक सैलरी बढ़ाने के लिए किया जाता है। 7वें पे कमीशन में इसे 2.57 पर सेट किया गया था, जिससे सैलरी में बड़ी बढ़ोतरी हुई थी। आने वाले 8वें पे कमीशन के लिए कर्मचारी यूनियन 3.0 से 3.25 के ज्यादा के फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इसकी जरूरत है क्योंकि पिछले 10 सालों में महंगाई और रहने का खर्च बहुत बढ़ गया है। ज्यादा फिटमेंट फैक्टर का मतलब है बेसिक सैलरी, पेंशन और कुल इनकम में ज्यादा बढ़ोतरी। कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर 54,000 रुपये तक जा सकती है, जो कर्मचारियों के लिए बड़ा बदलाव होगा।
कब से मिलेगा एरियर का पैसा?
7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2025 को खत्म हो चुका है। ऐसे में माना जा रहा है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी, 2026 से लागू मानी जाएंगी। इसका मतलब है कि जब भी नया पे-कमीशन लागू होगा, कर्मचारियों को जनवरी 2026 से लेकर लागू होने तक की अवधि का पूरा एरियर दिया जाएगा। अगर 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से लागू होता है और 20 महीने का एरियर मिलता है, तो यह रकम काफी बड़ी हो सकती है।
सरकार ने मांगी कर्मचारियों की राय
सरकार इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कर्मचारियों से सुझाव भी ले रही है। इसके लिए MyGov पोर्टल पर फीडबैक मांगा गया है और इसकी अंतिम तारीख 30 अप्रैल 2026 तक बढ़ा दी गई है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। ऐसे में सैलरी बढ़ोतरी और एरियर की ये सभी गणनाएं केवल संभावित आंकड़े हैं, जिनमें आगे बदलाव हो सकता है।