चंद घंटे बाद साल 2026 की शुरुआत होने जा रही है। नए साल की शुरुआत के साथ ही कई 1 जनवरी से कई नियमों में बदलाव भी होने वाले हैं और कुछ नए नियम भी जुड़ने वाले हैं। इस साल सबसे ज्यादा चर्चा में रहा 8वां वेतन आयोग को लेकर भी काफी लोगों में कन्फ्यूजन बनी हुई है। दरअसल 31 दिसंबर को 7वां वेतन आयोग खत्म होने वाला है। ऐसे में सभी केंद्रीय कर्मचारियों के मन में ये सवाल है कि क्या 1 जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू हो जाएगा? आइए जानते हैं।
क्या कल से लागू होगा 8वां वेतन आयोग?
8वें वेतन आयोग को लेकर कई तरह के सवाल लोगों के मन में आ रहे हैं। सबसे पहला सवाल, तो ये है कि क्या 1 जनवरी यानी कल से देश में 8वां वेतन आयोग लागू हो जाएगा? दरअसल सरकार की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार 8वां वेतन आयोग के लागू होने की तारीख और बढ़ी हुई सैलरी मिलने की तारीख दोनों ही अलग-अलग हो सकती हैं।
सरकार ने साफ कह दिया है कि 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से प्रभावी जरूर हो सकता, लेकिन अभी बढ़ी हुई सैलरी मिलने में वक्त लगेगा। ये पहली बार नहीं हो रहा है। 7वें वेतन आयोग में भी इसी तरह हुआ था। 7वें वेतन आयोग के प्रभावी होने की तारीख और बढ़ी हुई सैलरी मिलने की तारीख अलग-अलग थी। इसी तरह 8वें वेतन आयोग भले ही 1 जनवरी से लागू हो जाए लेकिन बढ़ी हुई सैलरी मिलने में अभी वक्त लगेगा।
सवाल 1: 8वां वेतन आयोग कब बना और इसकी अध्यक्ष कौन हैं?
सरकार ने 2025 में 8वां वेतन आयोग गठित किया, जिसकी अध्यक्ष पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज रंजन प्रसाद देसाई (Ranjana Prakash Desai) हैं। कमीशन को गठन की तारीख से लगभग 18 महीने में रिपोर्ट देने का कहा गया है।
सवाल 2: सैलरी में कितनी बढ़ोतरी की बात चल रही है?
अनुमान है कि केंद्रीय कर्मचारियों की कुल सैलरी में लगभग 30–34% तक वृद्धि हो सकती है, जो फाइनली तय होने वाले फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगी। फिटमेंट फैक्टर 1.83 से 2.46 के बीच रहने का अनुमान है, इससे बेसिक पे को इसी गुणक से बढ़ाया जाएगा।
सवाल 3: क्या DA, HRA और अन्य भत्तों पर असर पड़ेगा?
8वां वेतन आयोग लागू होने पर महंगाई भत्ता (DA) मौजूदा मूल वेतन पर रीसेट होकर फिर से नई बेसिक पे के आधार पर गिना जाएगा। इसके साथ ही HRA और TA जैसे भत्तों की संरचना भी नई पे–मैट्रिक्स के हिसाब से रिवाइज की जाएगी, जिससे अलग-अलग शहर/पोस्टिंग पर नेट सैलरी अलग हो सकती है।
सवाल 4: क्या पेंशनधारकों को भी फायदा मिलेगा?
वित्त मंत्रालय ने साफ किया है कि 8वां वेतन आयोग वेतन के साथ पेंशन संशोधन की भी सिफारिश करेगा। यानी केंद्रीय सरकारी पेंशनरों की बेसिक पेंशन भी नई पे–मैट्रिक्स और फिटमेंट फैक्टर के आधार पर बढ़ाई जाएगी।