Aadhaar Card Update: आधार कार्ड हमारी पहचान का एक अहम दस्तावेज बन चुका है। लेकिन कई बार इसकी जानकारी का गलत इस्तेमाल के मामले भी सुनने में आए हैं। इसी को रोकने के लिए अब भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) एक नए तरह का आधार कार्ड लाने पर विचार कर रहा है, जिसमें सिर्फ तस्वीर और QR कोड होगा।
UIDAI का कहना है कि कार्ड पर ज्यादा जानकारी छापने से उसका गलत इस्तेमाल हो सकता है। इसलिए अब ऐसा आधार कार्ड लाने पर विचार हो रहा है जिसमें सिर्फ धारक की तस्वीर और QR कोड होगा।
बंद हो जाएगा ऑफलाइन वेरिफिकेशन!
UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने एक ऑनलाइन सम्मेलन में बताया कि दिसंबर में नया नियम लाने पर विचार चल रहा है। इसका मकसद है कि होटल, इवेंट आयोजक जैसी संस्थाएं ऑफलाइन वेरिफिकेशन न करें और लोगों की प्राइवेसी सुरक्षित रहे।
क्यों फोटोकॉपी जमा करना सही नहीं?
आधार अधिनियम के मुताबिक किसी भी व्यक्ति का आधार नंबर या बायोमेट्रिक जानकारी ऑफलाइन वेरिफिकेशन के लिए इकट्ठा, उपयोग या स्टोर नहीं की जा सकती। इसके बावजूद कई संस्थाएं आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करती हैं, जिसे रोकने की कोशिश की जा रही है। अगर नया नियम लागू होता है तो आधार कार्ड का इस्तेमाल और सुरक्षित हो जाएगा। लोगों की निजी जानकारी कम साझा होगी और QR कोड से ही पहचान की पुष्टि हो पाएगी।