Aadhaar-UAN Link: एम्प्लॉयीज प्रोविडेंट फंड (EPF) से जुड़ी लगभग हर सर्विस चाहे वो पैसा निकालना हो, केवाईसी अपडेट या क्लेम सेटलमेंट हो, तभी स्मूद चलती है जब आपका UAN आधार से जुड़ा हो। एम्प्लॉयीज प्रोविडेंट फंड आर्गेनाईजेशन आधार के जरिए पहचान सत्यापित करता है ताकि फर्जी दावों पर रोक लगे और प्रोसेस तेज हो। अगर लिंकिंग नहीं हुई, तो अकाउंट रिस्ट्रिक्टेड हो सकता है और क्लेम अटक सकता है। अच्छी बात यह है कि यह काम घर बैठे ऑनलाइन भी हो सकता है और चाहें तो EPFO ऑफिस जाकर ऑफलाइन भी।
आधार को यूएएन से लिंक करने के फायदे:
- PF निकासी, ट्रांसफर और KYC अपडेट आसान होंगे।
- UIDAI वेरिफिकेशन से धोखाधड़ी रोकी जा सकती है।
- क्लेम प्रोसेसिंग तेज होगी और SMS/पोर्टल पर स्टेटस आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा।
घर बैठे Aadhaar-UAN को कैसे करें लिंक? (Aadhaar UAN Link Online)
- सबसे पहले EPFO Member Portal- https://unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/ पर जाएं।
- UAN व पासवर्ड से लॉग-इन करें। पहली बार हैं तो UAN activate करना होगा।
- लॉग-इन के बाद ‘Manage’ टैब में जाकर ‘KYC’ पर क्लिक करें
- आधार नंबर और नाम डालें।
- UIDAI से वेरिफिकेशन होगा। दो दिन में स्टेटस ‘Verified’ दिखेगा।
- एम्प्लॉयर और UIDAI दोनों से अप्रूवल मिलने पर लिंकिंग पूरी हो जाएगी।
कब होगा ‘वेरिफाइड’?
सबमिट करने के बाद डेटा यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पास जाता है। आमतौर पर 1–2 दिनों में स्टेटस अपडेट हो जाता है। पोर्टल पर ‘Verified by UIDAI’ और ‘Approved by Employer’ दिखते ही समझिए लिंकिंग पूरी हो गई है।
ऑफलाइन कैसे करें लिंक? (Aadhaar UAN Link Offline)
अगर आप टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल नहीं करना चाहते तो EPFO ऑफिस जाकर आधार सीडिंग फॉर्म भरें। साथ में UAN, PAN और आधार की सेल्फ-अटेस्टेड कॉपी लगाएं। फॉर्म जमा करने के बाद SMS से नोटिफिकेशन मिलेगा कि लिंकिंग पूरी हो गई है।
देर करने से अटक सकता है पीएफ
आधार-यूएएन मैपिंग मुफ्त, आसान और समय बचाने वाली है। ध्यान रखें सभी दस्तावेजों में आपकी पर्सनल डिटेल्स एक-सी हों। इससे वेरिफिकेशन तेज होगा और पीएफ का पैसा समय पर मिलेगा।