Abakkus Flexi Cap Fund Portfolio Out: दिग्गज निवेशक सुनील सिंघानिया के अगुवाई वाले अबाकस म्यूचुअल फंड (Abakkus Mutual Fund) ने हाल में लॉन्च हुए फ्लेक्सी कैप फंड के पोर्टफोलियो का पहली बार खुलासा किया है। निवेशकों को इस खुलासे का बेसब्री से इंतजार था। दिसंबर के आखिर तक के डेटा के मुताबिक, इस फंड ने बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर पर बड़ा दांव लगाया है। इस फंड ने न्यू फंड ऑफर (NFO) के दौरान लगभग 2,468 करोड़ रुपये जुटाए थे।
इन कंपनियों में सबसे ज्यादा निवेश
अबाकस फ्लेक्सी कैप फंड ने अपने पोर्टफोलियो में एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) में सबसे ज्यादा निवेश किया है। फंड ने एचडीएफसी बैंक के 7 लाख शेयर खरीदे हैं, जो कुल नेट एसेट्स का लगभग 2.78% हिस्सा है। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक के 4.50 लाख शेयरों के साथ 2.42% की हिस्सेदारी ली गई है।
इसके अलावा अन्य दिग्गज कंपनियों की बात करें, तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और यूनाइटेड स्पिरिट्स भी पोर्टफोलियो के टॉप में शामिल हैं। फंड ने SBI के 4.27 लाख शेयर और यूनाइटेड स्पिरिट्स के 2.75 लाख शेयर अपने पास रखे हैं।
पोर्टफोलियो में इस कंपनी के सबसे ज्यादा शेयर
बता दें कि एसेट एलोकेशन के मामले में भले ही बैंकिग स्टॉक्स शामिल हों, लेकिन शेयरों की संख्या के लिहाज से अर्बन कंपनी का नाम ऊपर है। फंड ने अर्बन कंपनी के 17.96 लाख से ज्यादा शेयर खरीदे हैं। इसकी कुल पोर्टफोलियो वैल्यू 0.96% है। इसके अलावा, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और फेडरल बैंक में भी फंड ने 1.47-1.47% का निवेश किया है।
इन कंपनियों में भी निवेश
वहीं, ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर (OFSS) में 1.39% की हिस्सेदारी ली गई है। इसके साथ ही हेरिटेज फूड्स, टाटा स्टील, और एनटीपीसी (NTPC) जैसी अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों को भी जगह दी है। रिन्यूएबल एनर्जी की तरफ झुकाव दिखाते हुए फंड ने एमी फोटोवोल्टिक पावर के 11.20 लाख शेयर खरीदे हैं।
इतना पहुंचा AUM
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2025 तक अबाकस फ्लेक्सी कैप फंड की कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 2,492 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। फंड ने लार्ज-कैप शेयरों में 11.47%, मिड-कैप में 4.45% और स्मॉल-कैप में 3.33% का निवेश किया गया है। बाकी 80.75% हिस्सा अन्य कैटेगरियों में रखा गया है।
Disclaimer: यह लेख केवल जानकारी के लिए है। निवेश करने से पहले किसी प्रमाणित विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी उत्तरदायी नहीं है।