मुंबई: म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। अगर किसी निवेशक की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी को म्यूचुअल फंड की यूनिट्स या निवेश की रकम दी जाती है। हालांकि, इस प्रोसेस में कुछ जटिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। अब इस प्रोसेस को पहले की तुलना में आसान कर दिया गया है।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) ने ट्रांसमिशन यानी निवेशक की मृत्यु के बाद यूनिट्स को नॉमिनी या उत्तराधिकारी के नाम करवाने की प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए अपने दिशा-निर्देशों में अहम बदलाव किए हैं। AMFI का कहना है कि इन बदलावों का मकसद उन दिक्कतों को खत्म करना है, जिनका सामना अक्सर परिवारों को उस समय करना पड़ता था।
नाम, पते के वजह से अकट जाता है क्लेम
हाल के महीनों में इस तरह की कई शिकायतें सामने आई थीं, जिनमें बताया गया था कि मामूली दस्तावेजी अंतर की वजह से क्लेम अटक रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को ध्यान में रखते हुए AMFI ने अपनी Procedure to Claim Units/Proceeds upon Death of a Unit Holder में बदलाव किया है, जिससे परिवारजनों को कोई दिक्कत नहीं होगी।
पते में अंतर होने पर नहीं अटकेगा क्लेम
AMFI ने सबसे बड़ा बदलाव पता (Address) से जुड़ी गलतियों को लेकर किया गया है। अब यदि म्यूचुअल फंड के रिकॉर्ड में दर्ज पते और दावेदार द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों में दिए गए पते में अंतर पाया जाता है, तो केवल इसी आधार पर क्लेम को रोकने की जरूरत नहीं होगी।
AMFI ने सदस्य एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMCs) को सलाह दी है कि यदि नया पता किसी वैध दस्तावेज से प्रमाणित होता है, तो उसी पते को आधार मानकर दावा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। इसका सीधा फायदा उन परिवारों को मिलेगा, जिनके परिजन ने समय-समय पर अपना पता बदला था लेकिन म्यूचुअल फंड रिकॉर्ड में उसे अपडेट नहीं करा पाए थे।
इसके अलावा कई बार निवेशक के नाम की स्पेलिंग में मामूली अंतर, शादी के बाद सरनेम बदल जाना या पुराने और नए दस्तावेजों में नाम लिखने के तरीके में बदलाव जैसी वजहों से भी क्लेम प्रक्रिया प्रभावित होती थी। इसी तरह हस्ताक्षर समय के साथ बदल जाने पर भी दावों की जांच लंबी हो जाती थी। अब AMFI ने इन मामलों में भी रियायत देने का फैसला किया है। नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, सदस्य AMCs नाम और हस्ताक्षर में अंतर के मामलों को सेबी के 6 फरवरी 2026 के मास्टर सर्कुलर में रजिस्ट्रार एंड ट्रांसफर एजेंट्स (RTAs) के लिए तय किए गए माइनर और मेजर मिसमैच के ढांचे के आधार पर निपटा सकेंगी। इसका मतलब ये है कि हर छोटे अंतर को गंभीर मानकर क्लेम नहीं रोका जाएगा।