Annapurna Yojana Scheme: पश्चिम बंगाल सरकार की महत्वाकांक्षी अन्नपूर्णा योजना का दायरा लगातार बढ़ रहा है। राज्य के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य की 29 लाख से अधिक महिलाओं को या तो इस योजना का लाभ मिल चुका है या वे जल्द इसके दायरे में आ जाएंगी। सरकार का दावा है कि पात्र महिलाओं को हर महीने ₹3,000 की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री द्वारा 3 जून को शुरू की गई इस कल्याणकारी योजना को विभिन्न चरणों में धरातल पर पूरी तरह लागू किया गया है, जिसके अंतर्गत वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगातार नए लाभार्थियों के नाम जोड़े जा रहे हैं। अन्नपूर्णा योजना बीजेपी के चुनावी घोषणापत्र में किए गए प्रमुख वादों में से एक है। इस योजना ने पिछली टीएमसी सरकार की 'लक्ष्मी भंडार' योजना की जगह ली है।
3 जून को 28 लाख महिलाओं के खातों में भेजी गई राशि
मुख्यमंत्री के मुताबिक, 3 जून को 28 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹3,000 की सहायता राशि ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद 1.05 लाख नई महिलाओं ने योजना में रजिस्ट्रेशन कराया। उनका सत्यापन पूरा हो चुका है और उनका डेटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। इन महिलाओं को जुलाई में जून महीने की राशि मिलेगी।
सरकार के अनुसार, पहले से लाभ ले रही 28 लाख महिलाओं और हाल में जुड़ी 1.05 लाख महिलाओं को मिलाकर लाभार्थियों की संख्या 29 लाख से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो महिलाएं अभी तक योजना में शामिल नहीं हो पाई हैं, उन्हें भी बाहर नहीं रखा जाएगा।
शिविरों में जाकर भरें फॉर्म
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो महिलाएं अभी तक आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे जन कल्याण शिविरों में जाकर फॉर्म भर सकती हैं। सरकारी अधिकारी उन्हें आवेदन प्रक्रिया में सहायता देंगे। जरूरत पड़ने पर घर-घर जाकर भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी ताकि कोई पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
25 से 60 वर्ष की महिलाएं हैं पात्र
योजना के तहत 25 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं पात्र हैं। हालांकि, आयकर देने वाली महिलाएं, सरकारी कर्मचारी और सरकारी पेंशन पाने वाली महिलाएं इस योजना के दायरे से बाहर रखी गई हैं। सहायता राशि सीधे लाभार्थी के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जमा की जाती है।
22 जून के बजट पर टिकी नजर
मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि 22 जून को पेश होने वाले राज्य के पहले बजट में युवाओं, सरकारी कर्मचारियों, शिक्षित बेरोजगारों और किसानों के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की जा सकती है। हालांकि उन्होंने कहा कि बजट से पहले इन योजनाओं के बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।