
Auto Sector Earning: देश की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (Q1FY27) में मांग के एक मजबूत और सुनहरे दौर से गुजर रही है। जीएसटी रेट घटने, कमाई और ईएमआई के मोर्चे पर उपभोक्ताओं को मिली मजबूती, अनुकूल ब्याज दरों और शहरी एवं ग्रामीण बाजारों में बढ़े पॉजिटिव सेंटिमेंट के कारण गाड़ियों की खरीदारी में रिकॉर्ड तेजी देखी जा रही है।
ब्रोकरेज कंपनी चॉइस इंस्टिट्यूशनल इक्विटीज ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में ऑटो इंडस्ट्री के संभावित नतीजों की रिसर्च रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में वाहन पोर्टल के आधिकारिक आंकड़ों के हवाले से कहा गया है कि पैसेंजर व्हीकल (PV), टू-व्हीलर (2W), कमर्शियल व्हीकल (CV) और ट्रैक्टर श्रेणियों में खुदरा बिक्री दोहरे अंकों में बढ़ी है। इस तगड़ी मांग के दम पर कंपनियों के राजस्व में तो भारी उछाल आ रहा है, लेकिन गाड़ियों की ऑन रोड प्राइस बढ़ने की आशंका भी पैदा हो रही है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में वाहनों की मजबूत मांग के बीच ऑटोमोबाइल कंपनियों (OEMs) को बैकएंड पर एक गंभीर दबाव का सामना करना पड़ रहा है। चॉइस इंस्टिट्यूशनल इक्विटीज की ताजा रिपोर्ट से साफ पता चल रहा है कि गाड़ियों बनाने में लगने वाले कच्चे माल की कीमतें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर माल ढुलाई की दरें बढ़ रही हैं। इस कारण, शानदार बिक्री से होने वाले मार्जिन पर असर पड़ रहा है।
उधर, ईरान युद्ध फिलहाल तो थमा है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज भी धमकी दी है। जियोपॉलिटिक्स में ऐसी अनिश्चितता भी सप्लाई चेन को प्रभावित कर रही है। यही कारण है कि इंडस्ट्री एनालिस्ट इस बात पर नजर गड़ाए हैं कि इस तिमाही के कॉर्पोरेट नतीजों में ऑटो कंपनियों के वित्तीय मुनाफे के आंकड़े कैसे रहेगे। कंपनियां मुनाफा बचाने के लिए अक्सर बढ़ती लागत का बोझ कीमतें बढ़ाकर खरीदारों पर ही डालती हैं।
दोपहिया वाहनों (2W) के सेगमेंट ने इस तिमाही में सालाना आधार पर (YoY) लगभग 14% की मजबूत खुदरा वृद्धि दर्ज की है। इस बढ़त को शहरी मांग में सुधार, हालिया शादियों के सीजन, आसान फाइनेंसिंग विकल्पों और मजबूत निर्यात से बड़ा सहारा मिला है। रिपोर्ट के अनुसार, जीएसटी से जुड़ी सहूलियतों के बाद स्कूटरों का प्रदर्शन मोटरसाइकिलों की तुलना में बेहतर रहा है। वहीं, पेट्रोल की कीमतों के रुख ने इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को अपनाने की रफ्तार तेज कर दी है।
हालांकि, टीवीएस मोटर्स (TVSL) जैसी बड़ी कंपनियों के वित्तीय अनुमानों से पता चलता है कि राजस्व में 31.4% की संभावित सालाना बढ़त के बावजूद, उनका कोर कामकाजी मुनाफा मार्जिन (EBITDA Margin) सालाना आधार पर 33 बेसिस पॉइंट्स (bps) घटकर 12.2% पर आने का अनुमान है। बजट बाइक सेगमेंट में मार्जिन में आई यह कमी आने वाले समय में एंट्री-लेवल बाइक्स को महंगा बना सकती है।
कार खरीदारों के बीच प्रीमियम कारों और विशेष रूप से एसयूवी (SUVs) को लेकर दीवानगी चरम पर है। पहली तिमाही में पैसेंजर व्हीकल (PV) की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर करीब 23% की भारी-भरकम बढ़त देखी गई है। बाजार की इस ग्रोथ का नेतृत्व नए मॉडलों की लॉन्चिंग और हाइब्रिड एवं ईवी पोर्टफोलियो कर रहे हैं।
इस तिमाही में एक सकारात्मक बदलाव यह भी दिखा है कि ग्रामीण बाजारों की मांग ने शहरी बाजारों को पीछे छोड़ दिया है। मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियां जहां उत्पादन बढ़ाने में जुटी हैं, वहीं पुर्जे बनाने वाली ऑटो एंसिलरी कंपनियों पर भी लागत का असर दिख रहा है। उदाहरण के लिए, प्रमुख कंपोनेंट सप्लायर एंड्योरेंस टेक का कामकाजी मार्जिन भी 47 बेसिस पॉइंट्स घटने का अनुमान है। ऑटो पार्ट्स महंगे होने से नई कारों की मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट सीधे प्रभावित हो रही है।
हालांकि लागत का दबाव बना हुआ है, लेकिन रिपोर्ट में भविष्य के लिए कुछ महत्वपूर्ण राहत के संकेत भी रेखांकित किए गए हैं। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई हालिया नरमी और ईरान युद्ध में मामूली ठहराव आने से इनपुट कॉस्ट और लॉजिस्टिक्स के मोर्चे पर राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि आने वाले हफ्तों में कमोडिटी की कीमतें स्थिर होती हैं, तो ऑटो कंपनियां त्योहारों के सीजन से पहले कीमतों में बहुत बड़ी बढ़ोतरी करने से बचना चाहेंगी।
ऑटोमोबाइल सेक्टर की यह रिपोर्ट से यही पता चल रहा है कि भारत में अभी वाहन खरीदारों की कोई नहीं है, बस चिंता है तो वाहन के पुर्जों की कीमतें बढ़ने की। ऐसे में आगामी हफ्तों में ऑटो कंपनियां प्राइस रिविजन कर सकती हैं। आपको भी कार या बाइक खरीदना है तो इस पर कड़ी नजर रखिएगा।
चूंकि खरीदारों की कमी नहीं है, इसलिए कंपनियां डीलरशिप्स पर मिलने वाले पारंपरिक डिस्काउंट या ऑफर्स में भी कटौती कर सकती हैं ताकि वे अपने घटते मार्जिन की भरपाई कर सकें। ऐसा हुआ तो संभव है कि कंपनियां आगामी फेस्टिव सीजन में भी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने से नहीं हिचकेंगी। इसलिए, आपने गाड़ी खरीदने का मन बना लिया है, तो मौजूदा स्टॉक और ताजा कीमतों का लाभ उठाने की सोच सकते हैं क्योंकि आगे दाम बढ़ने का खतरा हो सकता है।
Disclaimer: यह चॉइस इंस्टिट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के आधार पर तैयार की गई खबर है। इसका उद्देश्य सिर्फ जानकारी प्रदान करना है। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय के लिए तनिक भी उत्तरदायी नहीं है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.