Axis Nifty India Defence Index Fund NFO: दिग्गज म्यूचुअल फंड हाउस एक्सिस म्यूचुअल फंड (Axis Mutual Fund) ने डिफेंस सेक्टर से जुड़ी एक स्कीम लॉन्च करने जा रही है। फंड हाउस ने Axis Nifty India Defence Index Fund लॉन्च करने का ऐलान किया है। यह एक ओपन-एंडेड इंडेक्स स्कीम है। इसके तहत, उन कंपनियों में निवेश किया जाएगा, जो देश की रक्षा प्रणालियों, विमानन और जहाजों के निर्माण में लगी हुई हैं। इसका न्यू फंड ऑफर (NFO) 10 अप्रैल को ओपन हो रहा है, जबकि 24 अप्रैल तक इसमें निवेश किया जा सकता है। यह फंड 'निफ्टी इंडिया डिफेंस टोटल रिटर्न इंडेक्स' (Nifty India Defence TRI) को ट्रैक करेगा। इसका मतलब यह है कि यह स्कीम कोई एक्टिव मैनेजमेंट नहीं करेगी, बल्कि डिफेंस इंडेक्स में शामिल कंपनियों के प्रदर्शन की ट्रैक करेगी।
महज 100 रुपये से कर सकेंगे निवेश की शुरुआत
इस न्यू फंड ऑफर में महज 100 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है। इसके बाद 1 रुपये के गुणज में कितनी भी रकम बढ़ाई जा सकती है। यह स्कीम उन निवेशकों के लिए डिजाइन की गई है, जो भारत के रक्षा बजट में हो रही बढ़ोतरी और मेक इन इंडिया पहल के तहत बढ़ते घरेलू उत्पादन का फायदा उठाना चाहते हैं। वित्त वर्ष 2026 के लिए भारत का रक्षा आवंटन करीब 6.8 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो साल 2014 के मुकाबले लगभग 2.7 गुना अधिक है। सरकार का यह बढ़ता खर्च सीधा उन कंपनियों की झोली में जा रहा है, जो इस इंडेक्स का हिस्सा हैं।
किन कंपनियों में लगेगा पैसा
यह फंड उन कंपनियों में पैसा लगाएगा जो एयरोस्पेस, विस्फोटक, जहाज निर्माण और अन्य रक्षा उपकरणों के निर्माण से जुड़ी हैं। हालांकि, यह एक सेक्टोरल फंड है। यानी, इसमें विविधीकृत फंडों के मुकाबले जोखिम और उतार-चढ़ाव थोड़ा अधिक हो सकता है। विशेषकर शॉर्ट टर्म निवेशकों के लिए।
कितना है एक्जिट लोड
इस स्कीम में बेहद कम 0.25% का एग्जिट लोड रखा गया है। अगर कोई निवेशक अलॉटमेंट के 15 दिनों के भीतर अपनी यूनिट्स को बेचता या स्विच करता है, तो उसे यह फीस देनी होगी। हालांकि, 15 दिन की अवधि बीत जाने के बाद निकासी पर कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लगेगा।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।