
Bank Holiday on Chhath Puja: देशभर में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। ये पर्व न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि परिवार और समाज को जोड़ने वाला त्योहार भी है। इस मौके पर कुछ शहरों में बैंक भी बंद रहेंगे। तो अगर आपके पास बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो उसे आज ही निपटा लें। चलिए जानते हैं कौन-कौन से शहर में बंद रहेंगे बैंक।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, सोमवार, 27 अक्टूबर 2025 को छठ पूजा की शाम की अर्घ्य के दिन कोलकाता, पटना और रांची में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 28 अक्टूबर को पटना और रांची में भी बैंक की छुट्टी घोषित की गई है। यानी इन दो दिनों में बिहार और झारखंड के लोगों को बैंक से जुड़ा कोई ऑफलाइन काम टालना पड़ेगा।
अक्सर त्योहारों के दौरान बैंक छुट्टियों के चलते लोग परेशान हो जाते हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। अब ज्यादातर बैंकिंग काम ऑनलाइन पूरे किए जा सकते हैं। अगर आपको चेक जमा करना है, कैश जमा या निकालना है, या किसी शाखा में कोई जरूरी काम है, तो उसे छुट्टी से पहले निपटा लें।
बैंक हॉलिडे के बावजूद नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, और UPI जैसी सुविधाएं चालू रहेंगी। आप घर बैठे ही IMPS, NEFT, RTGS के जरिए पेमेंट और ट्रांसफर कर सकते हैं। इसके अलावा ATM से नकद निकालना, बैलेंस चेक करना या मिनी स्टेटमेंट लेना भी संभव रहेगा। यानी बैंक बंद रहने पर भी डिजिटल बैंकिंग आपकी मदद करती रहेगी।
इस साल छठ पूजा 25 अक्टूबर से शुरू हो रही है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व सूर्य देव और छठी मइया की उपासना का प्रतीक है। भक्त पूरे नियम, अनुशासन और श्रद्धा के साथ व्रत रखते हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई इलाकों में यह पर्व बड़े ही भव्य तरीके से मनाया जाता है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.