Bank holiday today: कई बार हम जल्दी-जल्दी में बैंक का काम निपटाने निकल पड़ते हैं और पहुंचकर पता चलता है कि शटर लगा हुआ है। आज, गुरुवार 19 फरवरी 2026 को भी कुछ ऐसा ही कन्फ्यूजन देखने को मिल सकता है। वजह है एक खास क्षेत्रीय अवकाश। ऐसे में अगर आप बैंक ब्रांच जाने की सोच रहे हैं, तो पहले ये खबर पढ़ लीजिए।
19 फरवरी को कहां बंद हैं बैंक?
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के आधिकारिक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक 19 फरवरी 2026 को पूरे देश में नहीं, बल्कि सिर्फ महाराष्ट्र में बैंक बंद रहेंगे। इस दिन राज्य में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसलिए मुंबई, नागपुर और बेलापुर समेत महाराष्ट्र के सभी बैंक ब्रांच बंद रहेंगे। तो अगर आप महाराष्ट्र में रहते हैं, तो बैंक से जुड़ा काम किसी और दिन के लिए टालना बेहतर रहेगा। देश के बाकी राज्यों में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
क्यों खास है 19 फरवरी?
हर साल 19 फरवरी को पूरे महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई जाती है। उनका जन्म 1630 में पुणे में हुआ था और वे मराठा साम्राज्य के संस्थापक थे। उनकी बहादुरी, रणनीतिक सोच, न्यायप्रियता और धार्मिक सहिष्णुता आज भी लोगों को प्रेरित करती है। इस जयंती की शुरुआत पुणे में 1870 में महात्मा ज्योतिराव फूले ने की थी। बाद में 1895 में बाल गंगाधर तिलक ने इसे बड़े स्तर पर लोकप्रिय बनाया।
आज के दिन महाराष्ट्र में शोभायात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ऐतिहासिक झांकियां निकाली जाती हैं। यही वजह है कि इस दिन सरकारी दफ्तरों और बैंकों में अवकाश रहता है।
डिजिटल बैंकिंग चालू रहेगी या नहीं?
अगर बैंक ब्रांच बंद है तो घबराने की जरूरत नहीं है। UPI, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी। आप ऑनलाइन ट्रांसफर, बिल पेमेंट, बैलेंस चेक या कैश निकासी जैसे काम आराम से कर सकते हैं। आज के डिजिटल दौर में ज्यादातर जरूरी बैंकिंग सेवाएं घर बैठे ही पूरी हो जाती हैं।
फरवरी 2026 में और कब-कब बंद रहेंगे बैंक?
फरवरी महीने में कुछ छुट्टियां पहले ही निकल चुकी हैं, जबकि कुछ अभी बाकी हैं। ये रही अपकमिंग बैंक हॉलिडे की लिस्ट।
- 19 फरवरी को महाराष्ट्र में शिवाजी महाराज जयंती के कारण अवकाश है।
- 20 फरवरी को आइजोल (मिजोरम) और इम्फाल (मणिपुर) में स्टेट डे के कारण बैंक बंद रहेंगे।
- 22 फरवरी को रविवार की छुट्टी रहेगी।
- 28 फरवरी को चौथे शनिवार की वजह से देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
इसके अलावा, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार और सभी रविवार को बैंक बंद रहते हैं।
बैंक जाने से पहले क्या करें?
अक्सर लोग बिना छुट्टी की जानकारी के बैंक पहुंच जाते हैं और समय बर्बाद हो जाता है। इसलिए बेहतर है कि आप आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट या अपने बैंक की सूचना पहले देख लें। अगर आप महाराष्ट्र में हैं, तो आज ब्रांच विजिट टाल दें। अगर दूसरे राज्य में हैं, तो बैंक सामान्य रूप से खुले हैं।