
Chhath Bank Holiday: छठ पूजा की रौनक अब हर गली-मोहल्ले में दिखने लगी है। लोग घाटों की सफाई में जुटे हैं, घरों में प्रसाद बन रहा है और बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में अगर आपके पास बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम रह गया है, तो अब आपको इसके लिए दो दिन इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, छठ महापर्व के उपलक्ष्य में देश के कुछ राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, सोमवार 27 अक्टूबर 2025 को छठ पूजा की शाम की अर्घ्य के दिन कोलकाता, पटना और रांची में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 28 अक्टूबर को पटना और रांची में भी बैंक की छुट्टी घोषित की गई है। इन दो दिनों में बिहार और झारखंड के लोगों को बैंक से जुड़ा कोई ऑफलाइन काम टालना पड़ेगा।
त्योहारों के दौरान बैंक बंद होने से लोग अक्सर परेशान हो जाते हैं। लेकिन अब ज्यादातर बैंकिंग काम ऑनलाइन पूरे किए जा सकते हैं। बैंक हॉलिडे के बावजूद नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी सुविधाएं चालू रहेंगी। आप घर बैठे ही IMPS, NEFT, RTGS के जरिए पेमेंट और ट्रांसफर कर सकते हैं। इसके अलावा ATM से नकद निकालना, बैलेंस चेक करना या मिनी स्टेटमेंट लेना भी संभव रहेगा।
इस साल छठ पूजा का शुभारंभ 25 अक्टूबर से हो चुका है। आज छठ का दूसरा दिन यानी खरना है। खरना की पूजा के बाद व्रती 36 घंटे का कड़ा व्रत रखेंगे। इसके बाद 27 अक्टूबर को सूर्यास्त पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और फिर 28 अक्टूबर को उगते सूरज को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व सूर्य देव और छठी मइया की उपासना का प्रतीक है। भक्त पूरे नियम, अनुशासन और श्रद्धा के साथ व्रत रखते हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। यह पर्व बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई इलाकों में बड़े ही भव्य तरीके से मनाया जाता है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.