Online Banking in BSBDA: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की तीन दिन की बैठक सोमवार 29 सितंबर को शुरू हुई थी। आज बैठक के आखिरी दिन कमेटी के अध्यक्ष और आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। इसमें RBI ने लगातार दूसरी बार रेपो रेट में बदलाव नहीं किया है। इसे 5.5% पर जस का तस रखा है। यानी लोन महंगे नहीं होंगे और आपकी EMI भी नहीं बढ़ेगी। इससे पहले अगस्त में हुई मीटिंग में भी इसमें बदलाव नहीं हुआ था। इस बीच RBI ने एक बड़ा ऐलान किया है। RBI ने कहा कि अब बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट अकाउंट होल्डर्स (Basic Savings Bank Deposit Account - BSBDA) को भी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।
RBI का कहना है कि इस फैसले से करोड़ों बैंक अकाउंट होल्डर्स को फायदा होगा। अब तक डिजिटल या ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं सिर्फ रेगुलर बैंक सेविंग्स अकाउंट्स पर मिलती थीं। इसका मतलब है कि अब बैंकों के बेसिक सेविंग्स अकाउंट्स होल्डर्स भी मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकेंगे। बता दें कि BSBDA ऐसे अकाउंट्स होते हैं जो खाताधारकों को नि:शुल्क सुविधाएं मुहैया कराने के लिए डिजाइन किए गए हैं।
RBI ने दिया यह प्रस्ताव
इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा, "बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट अकाउंट होल्डर्स को न्यूनतम शेष राशि पर शुल्क लगाए बिना दी जाने वाली सेवाओं का विस्तार कर इसमें डिजिटल बैंकिंग (मोबाइल/इंटरनेट बैंकिंग) सेवाएं भी शामिल करने का प्रस्ताव है।" बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट अकाउंट (BSBD) होल्डर्स को डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं मिलने से काफी फायदा होगा। ऐसे अकाउंट होल्डर्स भी घर बैठे बैंकिंग सुविधाओं का फायदा उठा सकेंगे।
इसे देश में फाइनेंशियल इनक्लूजन यानी आबादी के बड़े हिस्से को बैंकिंग सुविधाओं के दायरे में लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। मौजूदा समय में BSBD अकाउंट पर डिपॉजिट और विड्रॉल की सुविधा ही मिलती है। इन अकाउंट्स में इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट चैनल्स के जरिए पैसे जमा किए जा सकते है। बैंक अकाउंट होल्डर्स को फ्री एटीएम कार्ड भी इश्यू करते हैं। अभी तक इस अकाउंट में डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं नहीं थीं।
जानिए BSBDA अकाउंट किसे कहते हैं
नो-फ्रिल्स अकाउंट होल्डर्स को भी BSBDA अकाउंट कहा जाता है। ये ऐसे अकाउंट होते हैं, जिसमें अकाउंट होल्डर्स को नि:शुल्क सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं।
क्या बेसिक सेविंग्स अकाउंट होल्डर्स कोई अन्य सेविंग्स अकाउंट खोल सकता है?
रिपोर्ट के मुताबिक, बेसिक सेविंग्स अकाउंट होल्डर्स उसी बैंक में कोई अन्य सेविंग्स अकाउंट नहीं खोल सकता है। अगर किसी ग्राहक का उसी बैंक में कोई अन्य सेविंग्स बैंक अकाउंट है, तो उसे बेसिंग सेविंग्स अकाउंट खोलने की तिथि से 30 दिनों के भीतर उसे बंद करना होगा।
जानिए BSBDA-स्मॉल अकाउंट क्या है
भारत सरकार की ओर से 16 दिसंबर 2010 को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, BSBDA-स्मॉल अकाउंट में कई शर्तें जोड़ी गई हैं। इसमें एक साल में कुल जमा राशि 1 लाख रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए। अकाउंट में किसी भी समय अधिकतम बैलेंस 50,000 रुपये से ज्यादा नहीं होना चाहिए। एक महीने में 10,000 रुपये से ज्यादा नहीं निकाल सकते हैं।