Best Investment Scheme For Child: अगर आप भी अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए बेहतर निवेश विकल्प की तलाश में हैं, तो आपके लिए यह खबर बेहद काम की है। दरअसल, बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए दो सरकारी निवेश योजनाएं हैं। NPS वात्सल्य और सुकन्या समृद्धि योजना। इन दोनों स्कीम्स के अलग-अलग फायदे हैं। एनपीएस वात्सल्य पेंशन योजना है, जबकि सुकन्या समृद्धि एक बचत योजना है। आइए इन दोनों सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानते हैं, जिससे आप सही निवेश विकल्प का चुनाव कर सकते हैं।
NPS वात्सल्य योजना क्या है?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने साल 2024-25 के बजट के दौरान NPS वात्सल्य योजना का ऐलान किया था। यह एक लॉन्ग टर्म रिटायरमेंट बेस्ड स्कीम है। इसे पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) संचालित किया जाता है । इस योजना में 18 साल से कम उम्र के बच्चे के नाम पर खाता खोला जा सकता है। इसमें हर साल कम से कम 1,000 रुपये जमा करने जरूरी हैं और अधिकतम राशि की कोई सीमा नहीं है।
NPS वात्सल्य के फायदे
इस स्कीम में निवेश किया गया पैसा इक्विटी और डेट जैसे एसेट क्लास में लगाया जाता है, जिससे लॉन्ग टर्म में औसतन 9.5% से 10% तक रिटर्न मिल सकता है। अगर आपको 3 साल बाद बच्चों की पढ़ाई या किसी इमरजेंसी के लिए पैसे निकालने हों, तो 25% तक फंड की निकासी भी की जा सकती है। इसके अलावा, इस स्कीम पर सेक्शन 80C के अलावा 80CCD (1B) के तहत 50,000 रुपये की टैक्स छूट भी मिलती है।
बेटियों के लिए खास है सुकन्या समृद्धि योजना
वहीं, सरकार ने बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) एक खास बचत योजना शुरू की है। इस स्कीम में बेटी की उम्र 10 साल होने से पहले खाता खोला जा सकता है। इसमें 15 साल तक निवेश किया जा सकता है और योजना 21 साल तक चलती है। मौजूदा समय में इस स्कीम पर 8.2% की सालाना ब्याज मिल रहा है। यह ब्याज दर सरकार हर तीन महीने पर संशोधित करती है।
पूरी तरह से टैक्स फ्री है स्कीम
इसमें हर साल 250 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। यह पूरी तरह टैक्स-फ्री है। यानी निवेश, ब्याज और मैच्योरिटी की राशि पर कोई टैक्स नहीं लगता है। बता दें कि खाताधारक के 18 साल पूरा होने या 10 वीं पास होने के बाद 50 प्रतिशत तक का फंड निकाला जा सकता है, जबकि 21 साल की उम्र के बाद या शादी के समय पूरी राशि निकाली जा सकती है।