केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को लोकसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं। सीतारमण आज अपना लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं। इस बार बजट पेपरलेस फॉर्मेट में पेश किया जा रहा है।
बताते चलें कि वित्त मंत्री सीतारमण ने पहले 2019 में चमड़े के ब्रीफकेस की जगह लाल कपड़े में लिपटी बही-खाता लाकर परंपरा तोड़ी थी। फिलहाल, सीतारमण ने बजट के दौरान प्रस्तावित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की।
बजट 2026 को पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कहा कि सात नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है। मुंबई-पुणे के लिए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाया जाएगा। साथ ही बड़े शहरों के लिए भी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। घोषणा के अनुसार, प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में शामिल हैं:
- मुंबई-पुणे
- हैदराबाद-बेंगलुरु
- दिल्ली-वाराणसी
- वाराणसी-सिलीगुड़ी
- पुणे-हैदराबाद
- हैदराबाद-चेन्नई
- चेन्नई-बेंगलुरु
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “पर्यावरण के लिहाज से टिकाऊ कार्गो मूवमेंट को बढ़ावा देने के लिए, मैं पूर्व में डंकुनी को पश्चिम में सूरत से जोड़ने वाले नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव करती हूं।”
उन्होंने आगे कहा, "अगले 5 सालों में 20 नए जलमार्ग चालू किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत ओडिशा में नेशनल वॉटरवे 5 से होगी, जो तालचेर और अंगुल के खनिज-समृद्ध इलाकों और कलिंगनगर जैसे औद्योगिक केंद्रों को पारादीप और धमरा बंदरगाहों से जोड़ेगा। वाराणसी और पटना में भी अंतर्देशीय जलमार्गों के लिए एक शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित किया जाएगा।"
इन मार्गों से प्रमुख महानगरीय शहरों को तेजी से बढ़ते शहरी और औद्योगिक केंद्रों से जोड़ने की उम्मीद है, जिससे यात्रा के समय में काफी कमी आएगी और सड़कों और पारंपरिक रेल नेटवर्क पर दबाव कम होगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ये भी कहा, “सार्वजनिक बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर वृद्धि के लिए सरकार द्वारा कई पहल, सरकार 5 लाख से अधिक आबादी (टियर II और टियर III) वाले शहरों में बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगी, जो विकास केंद्र बनने के लिए विस्तारित हुए हैं।”