Union Budget 2026: नए साल की शुरुआत के साथ बजट सत्र की चर्चा शुरू हो गई है। इस बार 1 फरवरी रविवार पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस साल बजट रविवार को पेश करेंगी? आम बजट 2026 की तारीख पर लगे सस्पेंस को कैबिनेट कमेटी ऑन पॉलिटिकल अफेयर्स (CCPA) ने विराम लगा दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा और 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश करेंगी। हालांकि अभी इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है।
1 फरवरी को ही आएगा बजट!
CCPA की बुधवार को हुई बैठक में 28 और 31 जनवरी पर चर्चा हुई, लेकिन 28 जनवरी से सत्र शुरू करने का प्रस्ताव मजबूत है। 1 फरवरी को गुरु रविदास जयंती के कारण कुछ राज्यों में छुट्टी है। इसके साथ ही रविवार भी है, फिर भी केंद्र सरकार 2017 से चली आ रही फरवरी 1 की परंपरा निभाएगी। पहले भी 2025 का बजट शनिवार को पेश हो चुका है।
क्या है बजट सत्र का पूरा शेड्यूल?
संसद का आगामी बजट सत्र दो चरणों में आयोजित होगा, जिसमें पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक और दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा। यह आजादी के बाद देश का कुल 88वां बजट होगा।
बता दें कि वर्ष 2017 से सरकार ने 1 फरवरी को सुबह 11 बजे बजट पेश करने की परंपरा शुरू की थी, जबकि पहले यह 28 फरवरी को पेश किया जाता था। ये बदलाव पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के कार्यकाल में किया गया था ताकि नए वित्त वर्ष की शुरुआत से ही बजट के प्रस्तावों को लागू किया जा सके।