Cheap Calling Data: अगर हर महीने आप मोबाइल रिचार्ज कराते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। मोबाइल यूजर्स के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक बड़ी खबर सामने आई है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (Telecom Regulatory Authority of India - TRAI) ने सिर्फ कॉलिंग के लिए फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए बड़ी राहत देने की तैयारी में है। TRAI ने एक कंसल्टेशन पेपर जारी कर टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश देने की तैयारी शुरू कर दी है। अब टेलीकॉम कंपनियों को 1 महीना, 3 महीने, 6 महीने और सालाना वैलिडिटी वाले वॉइस पैक मुहैया कराना होगा।
CNBC आवाज में छपी खबर के मुताबिक, TRAI ने इस प्रस्ताव पर सभी स्टेकहोल्डर्स से 28 अप्रैल तक सुझाव मांगे गए हैं। इसके बाद आखिरी में फैसला लिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से टेलीकॉम सेक्टर में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और ग्राहकों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
डेटा प्लान की हो सकती है छुट्टी
दरअसल, मोबाइल यूजर्स को रिचार्ज करने के लिए डेटा प्लान लेने के लिए मजबूर होना होता है। अब रेगुलेटर के मुताबिक, ये वॉइस-ओनली प्लान डेटा प्लान्स के मुकाबले काफी सस्ते होंगे। इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा जो इंटरनेट का इस्तेमाल कम करते हैं। इससे वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बड़ा फायदा मिल सकता है।
फैमिली पैक मिल रहे हैं सस्ते
मौजूदा समय में जियो का सबसे पॉपुलर फैमिली प्लान ₹449 से शुरू है। इसमें मेन सिम पर 75GB डेटा मिलता है। अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग और रोज 100 SMS का फायदा है। आप इसमें 3 अडिशनल सिम ₹150 प्रत्येक पर जोड़ सकते हैं। 4 लोगों का पूरा परिवार सिर्फ ₹899 (449 + 150×3) में कनेक्टेड रह सकता है। यानी प्रति व्यक्ति सिर्फ ₹225. डेटा शेयरिंग की सुविधा है, कोई भी सदस्य ज्यादा इस्तेमाल कर सकता है।
एयरटेल पोस्टपेड फैमिली प्लान
एयरटेल भी परिवारों के लिए मजबूत ऑप्शन मुहैया करा रहा है। ₹699 प्लान में 2 कनेक्शन (1+1) मिलते हैं- अनलिमिटेड 4G/5G डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 SMS/दिन। इसमें अमेज़न प्राइम, जियो हॉट्स्टार जैसी OTT सब्सक्रिप्शन भी शामिल हैं। बड़े परिवार के लिए ₹1199 या ₹1399 प्लान चुनें, जिसमें 4 कनेक्शन तक (1+3) मिल सकते हैं। कुल डेटा 190GB से 240GB तक शेयर हो जाता है।