LED Credit Card: इन दिनों क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल आम हो गया है। अब मेट्रो सिटी के अलावा आपको टियर टू और थ्री के शहरों में भी क्रेडिट कार्ड का चलन देखने को मिल जाएगा। डिजिटल दौर में क्रेडिट कार्ड हमारी रोज की जरूरतों में शामिल हो गया है। इस बीच क्रेडिट को लेकर एक ऐसी खबर आई है, जिसे सुनकर आप आश्चर्य में पड़ सकते हैं। भारत में अब LED लगे हुए क्रेडिट कार्ड मिलने वाले हैं। इन कार्ड के जरिए जैसे ही पेमेंट करेंगे तो लाइट जलेगी। भारत के क्रेडिट कार्ड सेक्टर में इसे एक बड़े इनोवेशन के तौर पर देखा जा रहा है। क्रेडिट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म CheQ और AU स्मॉल फाइनेंस बैंक ने मिलकर देश का पहला LED-पावर्ड को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया है।
यह कार्ड अपने यूनिक “टैप-टू-पे LED फीचर” के कारण चर्चा में है, जो हर ट्रांजैक्शन के दौरान रोशनी देता है। इस कार्ड की सबसे खास बात इसका इन-बिल्ट LED लाइट सिस्टम है। जैसे ही यूज़र कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के लिए कार्ड टैप करता है, कार्ड में लगी LED लाइट जल उठती है। यह तकनीक POS मशीन के NFC फील्ड से पावर लेती है, यानी इसमें किसी बैटरी की जरूरत नहीं होती। इससे पेमेंट एक्सपीरियंस ज्यादा इंटरएक्टिव और सुरक्षित बनता है।
रिवॉर्ड सिस्टम भी है बेहद खास
CheQ के लिए यह लॉन्च एक बड़ा कदम है। अब तक बिल पेमेंट प्लेटफॉर्म के रूप में काम करने वाली कंपनी इस कार्ड के जरिए क्रेडिट और रिवॉर्ड इकोसिस्टम में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही है। कार्ड में मिलने वाला रिवॉर्ड सिस्टम भी खास है। इसमें सभी रिवॉर्ड “CheQ Points” के रूप में मिलते हैं, जिन्हें यूज़र एक ही प्लेटफॉर्म पर आसानी से ट्रैक और रिडीम कर सकते हैं। यह पारंपरिक क्रेडिट कार्ड्स की जटिल रिवॉर्ड स्ट्रक्चर को आसान कर देता है।
UPI को LED क्रेडिट कार्ड करता है सपोर्ट
इसके अलावा, कार्ड में UPI सपोर्ट भी दिया गया है। इससे यूज़र अपने RuPay क्रेडिट कार्ड को UPI से लिंक करके पेमेंट कर सकते हैं। इसके साथ ही रिवॉर्ड भी कमा सकते हैं। अगर इस क्रेडिट कार्ड को हासिल करना चाहते हैं तो CheQ ऐप के जरिए 28 अप्रैल 2026 से अप्लाई कर सकते हैं।
LED क्रेडिट कार्ड की कितनी है फीस?
LED क्रेडिट कार्ड का एनुअल चार्ज ₹499 है, जो ₹3 लाख के सालाना खर्च पर रिवर्स किया जा सकता है। कार्डधारकों को ₹695 वैल्यू की EazyDiner मेंबरशिप के रूप में वेलकम बेनेफिट भी मिलेगा। वहीं, LED वर्जन वाले कार्ड के लिए ₹999 का एक अतिरिक्त वन-टाइम चार्ज लागू है, जिसे 31 मई 2026 तक CheQ ग्राहकों के लिए माफ किया गया है।
LED क्रेडिट कार्ड क्यों है खास
CheQ अब तक सिर्फ क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट प्लेटफॉर्म था, लेकिन इस लॉन्च के साथ कंपनी ने क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस रिवॉर्ड्स कॉमर्स में एंट्री कर ली है। यह कार्ड 1.5 करोड़ कार्ड्स और 40 लाख यूजर्स के डेटा के आधार पर डिजाइन किया गया है। इन कार्ड्स के साथ कुछ चुनौतियां भी थीं। जैसे कि बिखरे हुए रिवॉर्ड्स, कॉम्प्लैक्स रिडेम्पशन और पुराना यूजर एक्सपीरियंस। लेकिन अब इस कार्ड में सबकुछ एक ही जगह मिलेगा। कंपनी के मुताबिक, इस कार्ड की सबसे बड़ी ताकत इसका यूनिफाइड रिवॉर्ड सिस्टम है। सभी रिवॉर्ड्स एक ही ऐप में मिलेंगे और आसानी से इस्तेमाल किए जा सकेंगे।