Dhanteras Gold Rush: सोने के सिक्के, ETF या डिजिटल गोल्ड; इस धनतेरस कौन सी खरीदारी आपके लिए सबसे अच्छी?

Gold Investment: धनतेरस पर सोना खरीदने का चलन है। लेकिन सोना में निवेश के कई तरीके हैं। आपके लिए कौन सा तरीके सर्वोत्तम हो सकता है, एक्सपर्ट्स की राय जान लीजिए। 

Naveen Kumar Pandey
पब्लिश्ड5 Nov 2026, 04:36 PM IST
धनतेरस पर सोना खरीदने का सबसे अच्छा तरीका क्या? (AI Image)
धनतेरस पर सोना खरीदने का सबसे अच्छा तरीका क्या? (AI Image)(ChatGPT)

Gold Investment on Dhanteras: रिटर्न के मामले में सोना सच में बहुत चमकीला है। बीते 20 वर्षों में सोने का भाव 14.6% की वार्षिक दर से बढ़ा है। बीते दो वर्षों में तो इसने कमाल ही कर दिया। 2025-26 में सोना 76% मजबूत हुआ जबकि जनवरी 2026 के 17,800 रुपये प्रति ग्राम की उच्चतम दर से 22% की गिरावट आ चुकी है।

सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बेतरतरीब रहा है। जिन्होंने 2006 में सोना खरीदा होगा, उन्हें अगले पांच वर्षों में 25% का रिटर्न मिला होगा। लेकिन जिन्होंने 2012 में सोने में निवेश किया होगा, उन्हें अगले पांच वर्षों में 1.1 प्रतिशत वार्षिक दर से नुकसान उठाना पड़ा होगा।

इस दौरान सोना 3,094 रुपये प्रति ग्राम से घटकर 2,924 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गया था। भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद सोना लॉन्ग टर्म में महंगाई दर से ज्यादा रिटर्न देता है और यह पोर्टफोलियो को डाइवर्सिफाई भी करता है। इसलिए, धनतेरस पर सोना खरीदना लॉन्ग टर्म के लिए अच्छा निवेश है। लेकिन सवाल है कि सोना खरीदें तो किस रूप में?

सोने का सिक्का (Gold Coin)

धनतेरस में ज्यादातर लोग सोने का सिक्का खरीदते हैं। सिक्के में 3 से 5 प्रतिशत का मेकिंग चार्ज और 3 प्रतिशत जीएसटी यानी कुल 6 से 8 प्रतिशत वैल्यु खरीदते ही घट जाती है। बाद में सिक्के को बेचना हो तो कुछ और नुकसान होता है। एक तो ज्यादातर जूलर्स अपनी दुकान के सिक्के ही वापस खरीदते हैं, ऊपर से 3 से 5 प्रतिशत की कटौती करके। इस तरह, कुल 9 से 13 प्रतिशत का बट्टा लग जाता है।

अगर आपने जिसके पास से सोने का सिक्का खरीदा है, उसके सिवा किसी अन्य जूलर को सिक्का बेचते हैं तो वह 7-8% तक की कटौती कर सकता है। ऐसे में सोने के सिक्के को खरीदने और बेचने की कुल लागत ही 16% बैठ जाती है। इसलिए, सोने का सिक्का तभी खरीदना चाहिए जब बाद में उससे जूलरी बनवानी हो। अगर सोने का सिक्का शुद्ध निवेश के उद्देश्य से खरीद रहे हैं तो रिटर्न के बड़ा हिस्सा आपके हाथ नहीं आएगा।

यह भी पढ़ें | सोने की चमक या शेयरों की कमाई, किसमें है ज्यादा दम?

गोल्ड ईटीएफ (Gold ETF)

गोल्ड ईटीएफ की खरीद-बिक्री का रेग्युलेशन भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) करता है। ईटीएफ स्टॉक एक्सचेंज से सोने की कीमतों को ट्रैक करता है। इसका एक फायदा है कि सोने को रखने और उसकी सुरक्षा की चिंता आपको नहीं रहती है। ईटीएफ खरीदने पर फंड मैनेजमेंट फीस, ब्रोकरेज, डीमैट चार्ज और संभावित प्राइस प्रीमियम आदि चुकाने पड़ सकते हैं। समृद्धि वेल्थ मैनेजमेंट के फाउंडर और सीईओ उर्विल मोदी ईटीएफ का मूल्यांकन करते समय 'ट्रैकिंग डिफरेंस' और 'लिक्विडिटी' को देखने की सलाह देते हैं। उनका जोर इस बात पर है कि ‘लिक्विडिटी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।’

वहीं, वैल्यु रिसर्च के फाउंडर और सीईओ धीरेंद्र कुमार बड़े, लिक्विड ईटीएफ का समर्थन करते हुए फेस्टिव प्रीमियम के प्रति आगाह करते हैं। उन्होंने कहा, 'आम तौर पर जब त्योहार के मौकों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ती है तब बड़ी कंपनियां नई यूनिट्स तैयार करती हैं और सोने के बराबर ही कीमत रखती हैं। लेकिन इस वर्ष फंड हाउसेज ने थोक खरीदारी बंद कर दी और सेबी के कहने पर गोल्ड एफओएफ बंद कर दिए हैं, इसलिए नए यूनिट्स आसानी से बन नहीं पा रहे हैं। इसी वजह से ईटीएफ अपने अंदर मौजूद सोने की कीमत से अधिक भाव पर ट्रेड कर सकता है।' ऐसे में निवेशकों को गोल्ड ईटीएफ खरीदने से पहले ट्रेडिंग प्राइस और इंडिकेटिव एनएवी की तुलना जरूर करनी चाहिए।

डिजिटल गोल्ड (Digital Gold)

कई पेमेंट ऐप्स बेहद छोटे-छोटे टुकड़ों में डिजिटल गोल्ड ऑफर कर रहे हैं। लेकिन ध्यान रहे कि इन ऐप्स से डिजिटल गोल्ड की खरीद-बिक्री पर कोई रेग्युलेशन नहीं है। यहां से खरीदारी पर 3% जीएसटी और बाय-सेल स्प्रेड का भुगतान करना पड़ता है।

सेफगोल्ड की फाउंडर रिया चटर्जी कहती हैं कि ऐप्स पर डिजिटल गोल्ड का बाय-सेल स्प्रेड 2.6% से 2.7% के बीच होता है, लेकिन मिंट के रिसर्च में पता चला कि फोनपे, पेटीएम, गुल्लक, ऐमजॉनपे जैसे प्लैटफॉर्म्स पर यह स्प्रेड 4% से 6% तक पहुंच जाता है। धीरेंद्र कुमार कहते हैं, 'मैं इसे लंबी अवधि के निवेश के लिए इस्तेमाल न करने की सलाह दूंगा, क्योंकि इसमें लागत अधिक है और इस पर कोई नियामक निगरानी नहीं है।'

यह भी पढ़ें | डिजिटल गोल्ड में कैसे करें निवेश? यहां जानिए टिप्स

गोल्ड एसआईपी और सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Gold SIP and SGB)

16 अक्टूबर से गोल्ड फंड ऑफ फंड्स (FoFs) में एसआईपी बंद हो गई है। हालांकि, डिजिटल गोल्ड में नियमित निवेश को एसआईपी का नाम दिया जा रहा है जो जोखिम से भरा है। दूसरी तरफ, आरबीआई ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) जारी करना बंद कर दिया है। इस वर्ष 2026 के बजट के बाद सेकेंड्री मार्केट में एसजीबी की खरीद पर 12.5% का लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस (LTCG) टैक्स लगता है जिससे यह आकर्षक निवेश नहीं रह जाता।

धीरेंद्र कुमार कहते हैं, 'ईटीएफ के मुकाबले एसजीबी बेहतर प्रॉडक्ट हुआ करते थे, लेकिन सरकार ने इसे वापस ले लिया। यह गोल्ड प्रॉडक्ट पर आप कब तक भरोसा कर सकते हैं, इस बारे में बहुत कुछ कहता है।'

View full Image
पोर्टफोलियो में सोने की भूमिका (AI Image)
(ChatGPT)
यह भी पढ़ें | सावधान! 2025 की मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए बताए गए 63% शेयर हुए धड़ाम

पोर्टफोलियो में कितना गोल्ड रखना है उचित?

एक्सपर्ट्स की राय है कि आपके इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो में 10 से 15 प्रतिशत से ज्यादा सोना नहीं होना चाहिए। स्टेबल इन्वेस्टर के फाउंडर देव आशीष कहते हैं, 'इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो में गोल्ड की अपनी एक जगह होती है क्योंकि यह इक्विटी और डेट से अलग प्रॉडक्ट है। इसमें कैशफ्लो नहीं होता, इसका मूल्यांकन सामान्य तरीके से नहीं किया जा सकता और इक्विटी के साथ इसका संबंध आमतौर पर कम होता है। इसी वजह से जब अन्य एसेट्स खराब प्रदर्शन कर रहे होते हैं, तब सोना निवेशकों का सहारा बन सकता है।'

उन्होंने कहा, 'चूंकि इसकी कीमत तय करने के लिए कोई कैशफ्लो नहीं होता, इसलिए यह मुख्य रूप से डिमांड-सप्लाई और जियोपॉलिटिक्स से प्रभावित होता है। इस कारण यह संभव है कि सोना कई सालों तक एक ही दायरे में सिमटा रहे, फिर अचानक कुछ समय के लिए इसमें भारी तेजी आ जाए।'

वहीं, उर्विल मोदी ने कहा, 'पोर्टफोलियो में गोल्ड की प्राथमिक भूमिका इंश्योरेंस की होती है। 2008 का मार्केट क्रैश एक अच्छा उदाहरण है। 100% इक्विटी पोर्टफोलियो को 2008 के पहले के सर्वोच्च स्तर पर आने में 75 महीने लगे थे, लेकिन 15% गोल्ड वाले पोर्टफोलियो ने सिर्फ 30 महीने रिकवरी कर ली थी।'

धीरेंद्र कुमार का जोर इस बात पर है कि गोल्ड का उचित होल्डिंग पीरियड बहुत मायने रखता है। गोल्ड का मूल काम स्ट्रक्चरल हेजिंग का है ना कि शॉर्ट-टर्म ट्रेडिंग का। उर्विल मोदी के मुताबिक, ज्यादातर आम निवेशकों के लिए मल्टी-एसेट फंड में निवेश करना बेहतर विकल्प है। इससे वे आसानी से अलग-अलग एसेट क्लास में निवेश कर सकते हैं और उन्हें फंड हाउस की ओर से नए निवेश पर लगाई जाने वाली रोक की चिंता भी नहीं करनी पड़ती। वहीं, सीधे ईटीएफ में निवेश का विकल्प बड़े पोर्टफोलियो वाले निवेशकों के लिए ज्यादा उपयुक्त है।

यह भी पढ़ें | क्या सोना खरीदने का सही समय है? पोर्टफोलियो में कितनी होनी चाहिए हिस्सेदारी

Disclaimer: यह लेख केवल जानकारी के लिए है। निवेश करने से पहले किसी प्रमाणित विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी उत्तरदायी नहीं है।

About the Author

टेलीवीजन की दुनिया से अखबार का संसार और अब डिजिटल वर्ल्ड। नवीन कुमार पाण्डेय पत्रकारिता की बहुआयामी विधाओं में 17 वर्ष से अधिक का अनुभव रखते हैं। प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में द्विवर्षीय पीजी डिप्लोमा की डिग्री लेकर वर्ष 2008 से पत्रकारिता की शुरू हुई यात्रा अनवरत जारी है। करियर के एक छोर पर नोएडा तो दूसरे पर दिल्ली है जबकि बीच में पटना और रांची का पड़ाव प्राप्त हुआ है। नवीन नोएडा, पटना, रांची, फिर नोएडा के विभिन्न मीडिया संस्थानों का हिस्सा रहने के बाद मिंट हिंदी से जुड़कर दिल्ली पहुंचे हैं। पूरे पत्रकारीय जीवन में डिजिटल मीडिया का अनुभव सबसे ज्यादा रहा है। पिछला संस्थान नवभारत टाइम्स ऑनलाइन रहा जिसका एक दशक से भी ज्यादा लंबा और बहुत सुहावना साथ रहा। एनबीटी में मेन डेस्क का हिस्सा रहते हुए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर लंबे समय तक काम किया। बीच में तीन वर्ष बिजनेस सेक्शन को लीड करने में बीते। फिर एआई का दौर आया तो इकनॉमिक टाइम्स, टाइम्स ऑफ इंडिया और नवभारत टाइम्स की ओर से 5-5 सदस्यों की टीम बनाई गई। नवीन ने एनबीटी की टीम की अगुवाई करते हुए तीन वर्षों तक न्यूज रूम में एआई की उपयोगिता पर लंबा रिसर्च किया और कई प्रॉजेक्ट्स जमीन पर उतारे। इस दौरान उन्हें संस्था से इनोवेटिव माइंड का अवॉर्ड भी हासिल हुआ। हमेशा नयेपन की खोज में जुटे रहकर नवीन अपने नाम को सार्थक करने को आज भी प्रयासरत हैं। मिंट हिंदी का संपादकीय नेतृत्व करते हुए बिजनेस के विभिन्न आयामों को छूते हुए राजनीति, कानून, कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंध, अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न विषयों पर लेख और विचार यहां प्रकाशित करते रहेंगे।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीDhanteras Gold Rush: सोने के सिक्के, ETF या डिजिटल गोल्ड; इस धनतेरस कौन सी खरीदारी आपके लिए सबसे अच्छी?
More