Silver Rate Today 5 March 2026: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध अब अपने छठे दिन में प्रवेश कर चुका है। फिलहाल इसके थमने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। इस भीषण संघर्ष के बीच दुनिया भर के निवेशकों में डर का माहौल है, जिसकी वजह से वे सुरक्षित निवेश (Safe Haven) के रूप में सोने और चांदी की ओर भाग रहे हैं। गुरुवार, 5 मार्च 2026 को चांदी में तेजी का दौर जारी रहा। कॉमेक्स मार्केट पर मई का सिल्वर फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 85.75 डॉलर के इंट्राडे हाई पर पहुंचने के बाद वापस 83 डॉलर पर आ गया, जो पिछले क्लोज से 2.60 डॉलर ज़्यादा था।
आज सुबह इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड की कीमत 1 फीसदी बढ़कर $5,187 प्रति औंस पर पहुंच गई है। चांदी की चमक तो और भी ज्यादा बढ़ी है और इसमें 2.5 फीसदी का उछाल देखा गया, जिससे इसके दाम $85.12 प्रति औंस हो गए हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जारी हवाई हमलों और जवाबी कार्रवाई ने निवेशकों को मजबूर किया है कि वे अपना पैसा शेयर बाजार जैसी जोखिम भरी जगहों से निकालकर सोने और चांदी में लगा रहे हैं।
सालभर में बड़ी तेजी
अगर पिछले एक वर्ष का प्रदर्शन देखा जाए तो चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी आई है। साल 2026 की शुरुआत में चांदी ने कई बार नए ऊंचे स्तर भी छुए हैं। जनवरी 2026 में चांदी ने करीब 121 डॉलर प्रति औंस का ऐतिहासिक स्तर पर पुहंच गई थी। इसके बाद बाजार में कुछ मुनाफावसूली हुई।
युद्ध और सप्लाई चेन का संकट
इस समय अमेरिका और इजराइल की सेनाएं ईरान पर हवाई हमले कर रही हैं, जिसके जवाब में तेहरान भी मिसाइलों से पलटवार कर रहा है। इन हमलों ने पूरे इलाके के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है, जिसकी वजह से होर्मुज स्ट्रेट को बंद करना पड़ा है। यह समुद्री रास्ता ग्लोबल एनर्जी सप्लाई के लिए बहुत अहम है और इसके बंद होने से दुनिया भर में सप्लाई चेन बाधित हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई पर भरोसा जताया है, वहीं ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत की किसी भी संभावना को पूरी तरह से नकार दिया है।
MCX पर चांदी में उतार-चढ़ाव बना हुआ है
घरेलू बाज़ार में, MCX पर मई का चांदी का फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट भी ₹2,75,251 के इंट्राडे ऊंचे स्तर को छूने के बाद ₹2,63,644 प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा है। जनवरी के आखिर में ऐतिहासिक बिकवाली के बाद, कीमतों में अच्छी रिकवरी हुई है, और हाल के सबसे निचले स्तर से बढ़कर ₹49,324 पर पहुंच गई हैं।