LPG Price Hike: नया साल आते ही आम लोगों और कारोबारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक ओर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें जस की तस बनी हुई हैं, वहीं दूसरी ओर कमर्शियल गैस सिलेंडर यानी होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी के दामों में जोरदार बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके उलट, विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमतों में कटौती की गई है, जिससे एविएशन सेक्टर को थोड़ी राहत मिली है।
होटल–रेस्टोरेंट वालों पर बढ़ा बोझ
तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 111 रुपये महंगा हो गया है। दिल्ली में गुरुवार से इसकी कीमत बढ़कर 1,691.50 रुपये हो गई है। यह जून 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर बताया जा रहा है।
दिसंबर में जहां इसकी कीमत 1,580.50 रुपये थी, वहीं अब सीधा उछाल देखने को मिला है। इससे पहले दिसंबर में यह 10 रुपये और नवंबर में पांच रुपये सस्ता हुआ था।
दूसरे शहरों में भी बढ़े दाम
केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के दूसरे बड़े शहरों में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। कोलकाता और मुंबई में इसके दाम 111 रुपये बढ़े हैं। अब कोलकाता में नयी कीमत 1,795 रुपये और मुंबई में 1,642.50 रुपये हो गई है। चेन्नई में यह 110 रुपये महंगा होकर आज से 1,849.50 रुपये का मिलेगा।
ये सिलेंडर होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और कैटरिंग जैसे व्यावसायिक कामों में इस्तेमाल होते हैं, इसलिए कीमत बढ़ने का असर सीधे खाने-पीने के दामों पर पड़ सकता है।
घरेलू गैस सिलेंडर में राहत बरकरार
आम लोगों के लिए राहत की बात ये है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली में इसकी कीमत अब भी 853 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये बनी हुई है।
विमान ईंधन हुआ सस्ता
जहां एक ओर रसोई गैस महंगी हुई है, वहीं दूसरी तरफ विमान ईंधन की कीमतों में बड़ी राहत दी गई है। दिल्ली में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत करीब 7.38% घटकर 92,323 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। इससे पहले दिसंबर में इसकी कीमत 5.43 प्रतिशत बढ़ी थी।
कोलकाता में यह 6,993 रुपये (6.83 प्रतिशत) सस्ता होकर 95,378 रुपये प्रति किलोलीटर और मुंबई में 6,928 रुपये (7.43 प्रतिशत) सस्ता होकर 86,352 रुपये प्रति किलोलीटर का हो गया है। चेन्नई में विमान ईंधन की कीमत 7,532 रुपये (7.29 प्रतिशत) कम करके आज से 95,770 रुपये कर दी गई है।
विमान ईंधन के दाम कम होने से पहले से वित्तीय दबाव झेल रही घरेलू विमान सेवा कंपनियों को फायदा होगा। उनके कुल व्यय का 35 से 40 प्रतिशत ईंधन पर खर्च होता है।