Credit Card Tips: आज के समय में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या काफी तेजी से बढ़ती जा रही है। अब मेट्रो सिटी के अलावा आपको टियर टू और थ्री के शहरों में भी क्रेडिट कार्ड का चलन देखने को मिल जाएगा। डिजिटल दौर में क्रेडिट कार्ड हमारी रोज की जरूरतों में शामिल हो गया है। ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर बिल भरने तक, हर चीज में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा है। क्रेडिट कार्ड का यह फायदा होता है कि इससे खर्च करने पर तुरंत पैसा नहीं देना होता है।
पैसा चुकाने के लिए 30 से 50 दिन का समय मिलता है। वहीं, कुछ लोग कैशबैक और रिवार्ड प्वाइंट्स के लालच में भी क्रेडिट कार्ड का खूब इस्तेमाल करते हैं। इतना ही नहीं, वह प्वाइंट्स के लालच में अपना क्रेडिट कार्ड दूसरों के साथ शेयर भी कर देते हैं। इससे आपको नुकसान हो सकता है।
क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने के टिप्स
अगर आपके कार्ड से लगातार दूसरों के लिए पेमेंट हो रहे हैं और आपके खाते में बार-बार पैसे वापस आ रहे हैं, तो टैक्स अधिकारियों की नजर इस पर जरूर जाएगी। आज के समय में टैक्स सिस्टम काफी स्मार्ट है और बैंक हर बड़े लेन-देन की जानकारी टैक्स विभाग को भेजते हैं। ऐसे में एक छोटा-सा कदम आपके लिए बड़ा टैक्स रिस्क बना सकता है। आज हम आपको कुछ ऐसी गलतियों के बारे में बताने वाले हैं, जो किसी भी क्रेडिट कार्ड यूजर को कभी भी नहीं करनी चाहिए। एक छोटी सी गलती काफी भारी पड़ सकती है।
इनकम टैक्स से मिल सकता है नोटिस
अगर आप दूसरों के साथ क्रेडिट कार्ड शेयर करतै हैं, तो आप इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की रडार पर भी आ सकते हैं। मान लीजिए आपकी इनकम 5 लाख रुपये है, लेकिन क्रेडिट कार्ड से 6 लाख रुपये स्वाइप हो जाते हैं। तो इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आपसे सवाल कर सकता है कि आखिर इनकम से ज्यादा का खर्चा कैसे हुआ और पैसा कहां से आया। ऐसे में तमाम सवालों के जवाब देना पड़ सकता है।
वित्तीय बोझ
अगर आप दोस्त या फैमिली के साथ अपना क्रेडिट कार्ड शेयर करते हैं और वह EMI चुकाने से चूक जाता है तो इसका नुकसान आपको भुगतना पड़ सकता है। EMI नहीं चुकाने पर 30 से 40 फीसदी ब्याज देना पड़ सकता है। इससे आपको आर्थिक सेहत खराब हो सकती है।
सिबिल स्कोर हो सकता है खराब
अगर समय EMI नहीं भर पाए तो सिबिल स्कोर खराब हो सकता है। इसकी वजह से अगर आप भविष्य में होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन लेने जाएंगे तो आपका लोन पास ही नहीं होगा।
क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स अंजान व्यक्ति को शेयर न करें
अपने क्रेडिट कार्ड से संबंधित कोई भी जानकारी जैसे नंबर, CVV, PIN या एक्सपायरी डेट किसी भी अंजान व्यक्ति को शेयर न करें। अगर कॉल पर कोई व्यक्ति बैंक का अधिकारी बताकर यह जानकारी मांगता है, तो यह फ्रॉड हो सकता है। वैसे भी आजकल साइबर फ्रॉड के मामले काफी बढ़ रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग अब इन मामलों में सावधान रहें और अपनी निजी जानकारी किसी भी अंजान व्यक्ति के साथ शेयर न करें।
अपने अकाउंट का SMS और ईमेल अलर्ट ऑन रखें
अपने बैंक अकाउंट के हर ट्रांजैक्शन के अलर्ट के लिए SMS और ईमेल अलर्ट ऑन रखें और हर बैंक के SMS और ईमेल अलर्ट पर ध्यान रखें। अगर आपको किसी भी तरह का कार्ड से ट्रांजैक्शन संदिग्ध लगता है तो अपने कार्ड को तुरंत ब्लॉक करें।