आज के समय में क्रेडिट कार्ड शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक तेजी से लोकप्रिय हो गए हैं। खासकर नौकरीपेशा युवा ऑनलाइन शॉपिंग, बिल भुगतान और आपातकालीन खर्चों के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल अधिक कर रहे हैं। आकर्षक डिस्काउंट, रिवॉर्ड प्वाइंट्स और आसान पेमेंट विकल्पों के कारण लोग इसे अपनी दैनिक जरूरत का हिस्सा मानने लगे हैं। हालांकि आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि क्रेडिट कार्ड जहां सुविधा देता है, वहीं गलत उपयोग बड़ी वित्तीय समस्या पैदा कर सकता है।
क्रेडिट कार्ड से कैश न निकालें
पहली और सबसे गंभीर गलती है कि क्रेडिट कार्ड से नकद पैसे निकालना। विशेषज्ञ बताते हैं कि एटीएम से कैश निकालते ही उसी दिन से भारी ब्याज लगना शुरू हो जाता है। इसके साथ ही कैश एडवांस फीस और अन्य चार्ज भी जोड़ दिए जाते हैं, जिससे बकाया राशि काफी बढ़ जाती है। इसलिए क्रेडिट कार्ड को कैश निकासी के विकल्प के रूप में कभी ना देखें।
लिमिट में ही करें क्रेडिट कार्ड से खर्च
दूसरी महत्वपूर्ण सलाह है कि क्रेडिट लिमिट का सही उपयोग। हर कार्ड की एक निश्चित सीमा होती है, जिसे पार करना आपके क्रेडिट स्कोर को सीधे तौर पर प्रभावित करता है। उदाहरण के लिए, यदि आपकी लिमिट 30,000 रुपए है तो 50% से अधिक खर्च करने से बचना चाहिए। अधिक उपयोग आपकी जेब ढीली कर सकता है।
भुगतान का ध्यान रखें
तीसरी गलती सिर्फ मिनिमम ड्यू का भुगतान करना है। कई लोग पूरे बिल के बजाय सिर्फ न्यूनतम राशि चुका देते हैं, जिससे बकाया राशि पर लगातार ब्याज जुड़ता रहता है। इससे कर्ज का बोझ बढ़ने लगता है और चंद महीनों में रकम दोगुनी तक हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि आप बिल पूरा नहीं चुका पा रहे हैं तो कार्ड के उपयोग को अस्थायी रूप से रोक देना चाहिए। कुल मिलाकर, क्रेडिट कार्ड तभी फायदेमंद है जब उसे समझदारी से और वित्तीय अनुशासन के साथ इस्तेमाल किया जाए। एक छोटी सी गलती भी आपके बजट और क्रेडिट प्रोफाइल दोनों को नुकसान पहुंचा सकती है।