Credit Card Uses: आज के दौर में क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। यह सुविधा हमें न सिर्फ इमरजेंसी में मदद करती है, बल्कि सही इस्तेमाल पर रिवॉर्ड्स और बेहतर क्रेडिट स्कोर भी देती है। वहीं जरा-सी लापरवाही भारी नुकसान में बदल सकती है। गलत जगह कार्ड का इस्तेमाल न केवल आपका कर्ज बढ़ाता है, बल्कि सिबिल (CIBIL) स्कोर भी नीचे गिरा देता है। लिहाजा कुछ ऐसी जगह हैं, जहां क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
दरअसल, क्रेडिट कार्ड में कई ऐसे हिडेन चार्जेस होते हैं, जिसके बारे में आमतौर पर लोगों को पता नहीं होता है। अगर आप नहीं चाहते कि आपको बाद में पछताना पड़े, तो आपको कुछ ऐसी जगहों से बचना चाहिए जहां क्रेडिट कार्ड का उपयोग करना नुकसानदेह साबित हो सकता है। आज हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां गलती से भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने से लोगों को बचना चाहिए।
1. पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाना
गाड़ी में डीजल-पेट्रोल या सीएनजी भरवाते वक्त हम कई बार क्रेडिट कार्ड से पेमेंट कर देते हैं, जबकि ऐसा कर हम अपना ही नुकसान करा रहे हैं। पेट्रोल पंप में क्रेडिट कार्ड से किए जाने वाले पेमेंट पर सर्विस चार्ज और जीएसटी लगता है, जिससे फ्यूल की कीमत और भी बढ़ जाती है। इसके अलावा, आप स्किमिंग के भी शिकार हो सकते हैं। स्किमिंग स्कैम करने का एक नया तरीका है। इसमें पेट्रोल पंप या दुकानों की कार्ड स्वाइप POS मशीन या ATM में एक छोटी सी डिवाइस छिपाकर लगा सकते हैं।
2. ATM से कैश निकालना सबसे महंगी गलती
क्रेडिट कार्ड से ATM से पैसे निकालना कई लोगों की आदत बन चुकी है, लेकिन यह सबसे महंगी गलती है। बैंक इस पर 2.5 से 3 फीसदी तक कैश एडवांस चार्ज वसूलते हैं और इसके ऊपर रोजाना ब्याज भी लगता है। खास बात यह है कि इसमें किसी तरह का ग्रेस पीरियड नहीं मिलता है। यानी जिस दिन पैसा निकाला, उसी दिन से ब्याज बढ़ना शुरू। सिर्फ 10,000 रुपये निकालने पर भी एक महीने बाद रकम बढ़कर 10,400 या उससे ज्यादा हो सकती है। यह अतिरिक्त बोझ आपकी जेब पर सीधा असर डालता है और लंबी अवधि में कर्ज बढ़ाने का कारण बनता है।
3. डिजिटल वॉलेट में पैसा डालना
पेटीएम, फोन पे, गूगल पे या एमेजॉन पे जैसे डिजिटल वॉलेट में क्रेडिट कार्ड का उपयोग करके पैसे लोड करने से बचें। वॉलेट कंपनियां अक्सर सुविधा शुल्क लगाती हैं, जिसके ऊपर आपको जीएसटी का भुगतान भी करना पड़ता है। छोटी राशि लोड करने पर भी यह शुल्क आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है।
4 . IRCTC की वेबसाइट
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर टिकट बुक कराते वक्त भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए क्योंकि पेमेंट गेटवे फीस के अलावा जीएसटी पर एक या दो परसेंट एक्स्ट्रा चार्ज लग ही जाता है।
5 . EMI और अन्य देनदारियों के बीच कार्ड खर्च बढ़ाना जोखिम
अगर आपके ऊपर पहले से पर्सनल लोन, होम लोन या अन्य EMI का बोझ है, तो क्रेडिट कार्ड पर नए खर्च आपकी वित्तीय स्थिति को और तनावपूर्ण बना देंगे। ऐसे समय में डेबिट कार्ड या UPI का उपयोग बेहतर विकल्प है, क्योंकि इनसे आप उतना ही खर्च करते हैं, जितना आपके बैंक खाते में मौजूद है। इससे अनावश्यक कर्ज बढ़ने का खतरा नहीं रहता और आप अपनी बजट प्लानिंग पर नियंत्रण बनाए रखते हैं।
6 . संदिग्ध वेबसाइट और असुरक्षित URL पर पेमेंट से बचें
ऑनलाइन पेमेंट करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है. यदि कोई वेबसाइट HTTPS से सुरक्षित नहीं है, या उसका URL संदिग्ध लगता है, तो वहां कार्ड डिटेल डालना बड़ा जोखिम हो सकता है। ऐसी साइट्स डेटा चोरी, फ्रॉड और हैकिंग का खतरा बढ़ाती हैं। कई बार साइबर अपराधी नकली साइटें बनाकर उपभोक्ताओं को फंसा लेते हैं। लिहाजा ऑनलाइन खरीदारी केवल भरोसेमंद और सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर ही करें, ताकि कोई वित्तीय नुकसान न हो।
7. बैलेंस ट्रांसफर
एक क्रेडिट कार्ड से दूसरे क्रेडिट कार्ड में बैलेंस ट्रांसफर करने की भी गलती हमारा नुकसान करा सकती है क्योंकि ऐसा करते वक्त आपको इंटरेस्ट रेट, प्रोसेसिंग फीस चुकाना पड़ता है। इसलिए ऐसा न ही करें तो बेहतर है।