नई दिल्ली: दिल्ली में बिजली बिल जमा करने का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब बड़ी संख्या में लोग बिजली के बिल का भुगतान करने के लिए कैश काउंटर पर जाने के बजाय डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर रहे हैं। दिल्ली की तीन प्रमुख बिजली वितरण कंपनियों BRPL, BYPL और TPDDL के मुताबिक, उनके करीब 95 फीसदी उपभोक्ता अब डिजिटल तरीके से बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं।
डिजिटल पेमेंट में लगातार बढ़ोतरी
दिल्ली में BSES की सेवाओं वाले इलाकों में डिजिटल भुगतान का हिस्सा पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ा है। 2021-22 में जहां करीब 85 फीसदी उपभोक्ता डिजिटल तरीके से बिल भर रहे थे, वहीं अब यह आंकड़ा लगभग 95 फीसदी तक पहुंच गया है। इसके साथ ही BSES के करीब 85 फीसदी ग्राहक सेवा अनुरोध भी अब ऑनलाइन माध्यम से दर्ज किए जा रहे हैं।
TPDDL के अनुसार, उसके 22 लाख उपभोक्ताओं में से करीब 95 फीसदी डिजिटल माध्यम से बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, 2021-22 में 74.3 लाख डिजिटल पेमेंट ट्रांजैक्शन हुए थे, जो 83.4 फीसदी थे। 2025-26 में इनकी संख्या बढ़कर करीब 1.1 करोड़ हो गई और डिजिटल पेमेंट की हिस्सेदारी 93 फीसदी तक पहुंच गई।
पिछले पांच साल में TPDDL के गैर-डिजिटल पेमेंट में भी बड़ी गिरावट आई है। ऐसे लेनदेन 14.81 लाख से घटकर 8.46 लाख रह गए। यानी इनमें 43 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है। इससे साफ है कि लोग अब घर बैठे तेज, आसान और बिना संपर्क वाले पेमेंट विकल्पों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
काउंटर पर जाने वाले ग्राहकों की संख्या घटी
BSES के आंकड़े भी डिजिटल पेमेंट की बढ़ती लोकप्रियता की तस्वीर दिखाते हैं। कंपनी के मुताबिक, 2021-22 में डिजिटल पेमेंट की हिस्सेदारी 85 फीसदी थी, जो 2022-23 में 87 फीसदी, 2023-24 में 89 फीसदी और 2024-25 में 92 फीसदी हो गई। 2025-26 में यह बढ़कर 93 फीसदी पहुंची और फिलहाल करीब 95 फीसदी के स्तर पर है।
डिजिटल ट्रांजैक्शन की संख्या भी इस दौरान करीब 1.15 करोड़ से बढ़कर 1.78 करोड़ हो गई। यानी पांच साल में 63 लाख से ज्यादा डिजिटल ट्रांजैक्शन बढ़े हैं। वहीं, कम से कम एक बार डिजिटल पेमेंट करने वाले ग्राहकों की संख्या करीब 13.74 लाख से बढ़कर 20.59 लाख हो गई।
इसका असर बिजली बिल जमा करने वाले सेंटरों पर भी दिखाई दे रहा है। BSES के कलेक्शन सेंटरों पर भुगतान के लिए पहुंचने वाले ग्राहकों की संख्या 2021-22 में करीब 22.91 लाख थी, जो 2025-26 में घटकर 14.46 लाख रह गई। खास बात यह है कि इसी अवधि में कुल पेमेंट ट्रांजैक्शन 1.36 करोड़ से बढ़कर 1.91 करोड़ हो गए। यानी भुगतान की संख्या बढ़ी, लेकिन लोग इसके लिए डिजिटल माध्यमों को ज्यादा इस्तेमाल करने लगे।
UPI और सेल्फ-सर्विस से आसान हुई बिजली सेवाएं
बिजली कंपनियां भी ग्राहकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए लगातार नए विकल्प उपलब्ध करा रही हैं। TPDDL की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और दूसरे पार्टनर प्लेटफॉर्म के जरिए बिल भुगतान की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा UPI, कैशबैक और रेफरल ऑफर जैसी सुविधाओं ने भी डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दिया है। कुछ विकल्पों में सुविधा शुल्क भी नहीं लिया जाता है।
TPDDL ने दिल्ली की बिजली वितरण कंपनियों में सबसे पहले गैर-बिजली बिलों के भुगतान के लिए UPI की सुविधा शुरू की थी। इसके लिए बिजली बिल पर QR कोड भी उपलब्ध कराया गया, जिसे स्कैन करके ग्राहक आसानी से भुगतान कर सकते हैं।
BSES का कहना है कि ग्राहक अब पेमेंट काउंटर पर जाने के बजाय सेल्फ-सर्विस डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना पसंद कर रहे हैं। इससे न सिर्फ समय बच रहा है, बल्कि बिजली से जुड़ी कई सेवाओं और शिकायतों के लिए भी ग्राहकों को घर से ही सुविधा मिल रही है।