Dhanteras 2026: धनतेरस पर सोना खरीदें या शेयरों में लगाएं पैसा? 10 साल के रिटर्न से समझें कहां - कितना है दम

Dhanteras 2026 Gold vs Equity: धनतेरस पर सोना खरीदना भारतीय परिवारों की परंपरा है, लेकिन निवेश के लिहाज से हर बार सोना ही सबसे बेहतर विकल्प हो, यह जरूरी नहीं। पिछले 10 साल में सोने ने सेंसेक्स और निफ्टी से बेहतर रिटर्न दिया है, लेकिन अलग-अलग समय पर निवेश करने वालों के नतीजे काफी अलग रहे हैं।

Jitendra Singh
अपडेटेड5 Nov 2026, 11:37 AM IST
Dhanteras 2026 Gold vs Equity: पिछले दस वर्षों में सोने का प्रदर्शन इक्विटी से बेहतर रहा है।
Dhanteras 2026 Gold vs Equity: पिछले दस वर्षों में सोने का प्रदर्शन इक्विटी से बेहतर रहा है।

Dhanteras 2026 Gold vs Equity: धनतेरस पर सोना खरीदना भारतीय परिवारों के लिए सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि परंपरा और शुभ शुरुआत है। हर साल इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग सोने के सिक्के, ज्वेलरी और दूसरे गोल्ड प्रोडक्ट खरीदते हैं। लेकिन निवेश के नजरिए से सवाल सिर्फ यह नहीं है कि सोने की कीमत आगे कितनी बढ़ेगी, बल्कि यह भी है कि आपके कुल निवेश में सोने की कितनी हिस्सेदारी होनी चाहिए और क्या नई रकम का पूरा हिस्सा इसी में लगाना सही रहेगा?

अगर पिछले 10 साल का हिसाब देखें तो सोने ने इक्विटी के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन अलग-अलग होल्डिंग अवधि के रिटर्न से पता चलता है कि निवेश में एंट्री का समय, पोर्टफोलियो एलोकेशन और निवेश के साधन का चुनाव क्यों मायने रखते हैं। कमोडिटी के जानकारों का कहना है कि लंबी अवधि में सोने ने बेहतर रिटर्न दिया है, लेकिन यह तय करते समय कि कितना सोना अपने पास रखना है, निवेशकों को हालिया तेजी से आगे बढ़कर सोचना चाहिए।

सोना और शेयर का प्रदर्शन

मनीकंट्रोल में छपी खबर के मुताबिक, ऑगमॉन्ट की चीफ रिसर्च ऑफिसर रेनीशा चैनानी ने बताया कि 10 साल की अवधि में सोने ने इक्विटी (शेयर बाजार) से बेहतर प्रदर्शन किया। जिन निवेशकों ने धनतेरस 2016 को सोना खरीदा और उसे 3 नवंबर 2026 तक अपने पास रखा, उन्हें इससे अच्छा मुनाफा मिला। पिछले 10 वर्षों में MCX सोने में लगभग 353 फीसदी की वृद्धि हुई, जो 16.3 फीसदी की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) के बराबर है। इसकी तुलना में, सेंसेक्स और निफ्टी 50 में लगभग 178 फीसदी की वृद्धि हुई। इससे लगभग 10.8 प्रतिशत का वार्षिक रिटर्न मिला।

यह भी पढ़ें | पिछले धनतेरस पर खरीदा था सोना-चांदी? आज बेचने पर कितना मिलेगा पैसा

चैनानी के अनुसार, कम समय की अवधि में यह अंतर और भी बड़ा हो जाता है। पिछले 5 वर्षों में सोने का सालाना कंपाउंड रिटर्न लगभग 24 फीसदी रहा, जबकि निफ्टी का रिटर्न 6 फीसदी से भी कम रहा। पिछले एक साल में सोने में 14 फीसदी की बढ़त हुई, जबकि सेंसेक्स में 8.6 फीसदी की गिरावट आई। हालांकि, आप जिस कीमत पर सोना या इक्विटी शेयर खरीदते हैं, उसका असर भी आपके रिटर्न पर पड़ता है।

निवेश के लिए एंट्री लेवल है बेहद अहम

चैनानी ने कहा कि खरीदने का समय अभी भी मायने रखता है। जिन निवेशकों ने धनतेरस 2025 के आसपास लगभग 1,32,770 रुपये में सोना खरीदा था, वे अभी बस थोड़े ही फायदे में हैं, क्योंकि जनवरी के 1.80 लाख रुपये के हाई लेवल से कीमतें 24 फीसदी गिर गई हैं। 2013 में खरीदारों ने लगभग 31,400 रुपये चुकाए थे। धनतेरस 2018 तक कीमत 32,690 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई थी। चैनानी ने कहा कि उन पांच वर्षों में, उनका प्रदर्शन इक्विटी और महंगाई, दोनों के मुकाबले पीछे रहा।

यह भी पढ़ें | चांदी में निवेश के 3 तरीके, धनतेरस पर कौन सा विकल्प बनाएगा ज्यादा पैसा?

सोने का बेहतर एलोकेशन और हेजिंग में इसकी भूमिका

अधिकांश भारतीय निवेशकों के लिए अपने पोर्टफोलियो में 15–20 फीसदी सोना रखना एक समझदारी भरा कदम है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के 19 साल की एक स्टडी का हवाला देते हुए चैनानी ने बताया कि जिन पोर्टफोलियो में 7.5–15 फीसदी सोना शामिल था, उन्होंने बेहतर रिस्क-एडजस्टेड रिटर्न दिए और उनमें गिरावट (ड्रॉडाउन) भी कम रहा।

सोना मददगार साबित होता है क्योंकि इसका उतार-चढ़ाव इक्विटी से अलग होता है। यह रुपये में आई कमजोरी में भी काम देता है। साल 2026 में यह बात साफ तौर पर दिखती है। साल की शुरुआत से अब तक निफ्टी में 9.5 फीसदी की गिरावट आई है, जबकि जनवरी के अपने हाई लेवल से काफी नीचे आने के बावजूद, MCX पर सोने की कीमत अभी भी 2.5 फीसदी ऊपर है। चैनानी ने कहा कि पिछले दस सालों में, डॉलर के मुकाबले रुपये में आई 42 फीसदी की गिरावट का सीधा असर घरेलू सोने की कीमतों पर पड़ा है।

यह भी पढ़ें | गोल्ड की चमक बढ़ी, चांदी पड़ी फीकी, दिल्ली से मुंबई तक जानें आज का ताजा रेट

धनतेरस में कहां करें निवेश

चैनानी ने कहा कि कीमतें अभी भी अपने हाई लेवल से 30 फीसदी नीचे हैं, इसलिए खरीदारी को अलग-अलग हिस्सों में बांटना बेहतर रहेगा। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि वे धनतेरस पर 50 फीसदी निवेश SIP के जरिए गोल्ड ETF या डिजिटल गोल्ड में करें। बाकी 50 फीसदी का एकमुश्त निवेश फिजिकल गोल्ड (जैसे सोने की ईंट, सिक्के या आभूषण) में करें।

Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।

About the Author

जितेन्द्र सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से B.Sc (भौतिक शास्त्र और रसायन शास्त्र) की डिग्री हासिल की है। इसके बाद साल 2007 में मुंबई के भारतीय विद्या भवन से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन रेडियो एंड टीवी जर्नलिजम में एक साल का डिप्लोमा कोर्स किया। कोर्स खत्म होते है मुंबई में CNBC आवाज चैनल में प्रशिक्षण का मौका मिला। इस चैनल में खबरों की दुनिया और बिजनेस पत्रकारिता क्या है, इस बारे में जानने का मौका मिला। फिर मुंबई के प्रतिष्ठित CTV में काम करने का मौका मिला। यहीं से मुंबई को बारीकी से समझने का मौका मिला। मुंबई के समाचारों से हटकर एंटरटेनमेंट की दुनिया में कलर्स चैनल में एंट्री मिली। यहां बहुत कुछ सीखने को मिला। यहीं सोनी एंटरटेनमेंट चैनल में काम करने का मौका मिला। सोनी में कौन बनेगा करोड़पति शो टीम के हिस्सा रहे। इसके साथ ही सोनी के अन्य बहुचर्चित शो जैसे क्राइम पट्रोल, आहट, कॉमेडी सर्कस जैसे शो की टीम का हिस्सा रहे। कई संस्थानों में फ्रीलांसिंग स्क्रिप्ट राइटिंग करते रहे। एंटरटनमेंट के बाद फिर से बिजनेस पत्रकारिता में एंट्री मिली और मनीकंट्रोल के साथ जुड़ गए। यहां मनीकंट्रोल में बिजनेस आइडिया जैसा कॉलम लगातार 7 साल तक लिखे। यहां पर्सनल फाइनेंस, राजनीति समाचार, ट्रेडिंग न्यूज, हेल्थ, इकोनॉमिक, जैसे कई कैटेगरी की खबरों पर कलम की घिसाई की। जितेंद्र सिंह उन चुनिंदा पत्रकारों की लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने जनरल एंटरटेनमेंट चैनल (GEC) और न्यूज दोनों जगह काम किए हों। दरअसल, मुंबई एंटरटेनमेंट और बिजनेस दोनों है। लिहाजा वहां रहकर दोनों जगह काम करने का मौका मिला। पत्रकारिता में 18 साल से ज्यादा का अनुभव है। अब लाइव मिंट के मिंट हिंदी से जुड़कर काम कर रहे हैं। यहां हर विषय लिखने का क्रम जारी है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीDhanteras 2026: धनतेरस पर सोना खरीदें या शेयरों में लगाएं पैसा? 10 साल के रिटर्न से समझें कहां - कितना है दम
More