हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता और बॉलीवुड के ही-मैन के नाम से प्रसिद्ध धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की उम्र में आज दुनिया को अलविदा कह दिया। कुछ दिनों पहले ही वह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से उपचार कर लौटे थे और घर पर ही चिकित्सा जारी थी। लंबे समय से वह सांस की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से फिल्म जगत और प्रशंसकों में गहरा शोक है। उनकी नेटवर्थ का बड़ा हिस्सा लोनावाला में स्थित 100 एकड़ के फार्महाउस और रियल एस्टेट में है। उन्हें लग्जरी कारों का भी शौक था और उन्होंने होटल व प्रोडक्शन बिजनेस में निवेश किया। अपने करियर की शुरुआत केवल 51 रुपए से करने वाले धर्मेंद्र ने जीवन के अंतिम दिनों तक फिल्मों में काम किया और बॉलीवुड में अमर विरासत छोड़ गए।
450 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक थे धर्मेंद्र
धर्मेंद्र केवल एक सुपरस्टार नहीं थे, बल्कि एक सफल और धनी फिल्मी व्यक्तित्व भी थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति लगभग 450 करोड़ रुपए आंकी जा रही है, जिससे वह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे धनवान कलाकारों में शामिल रहे। यह सफर आसान नहीं था, अपने करियर की पहली फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे के लिए उन्हें केवल 51 रुपए का भुगतान मिला था, लेकिन आगे चलकर उन्होंने सफलता और लोकप्रियता के नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा रियल एस्टेट से जुड़ा है। महाराष्ट्र के लोनावाला में फैला 100 एकड़ का आलीशान फार्महाउस उनकी नेटवर्थ का सबसे बड़ा और चर्चित हिस्सा है। यही नहीं, लोनावाला में 30 कुटियाओं वाले एक लग्जरी रिसॉर्ट की योजना भी तैयार की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही जिंदगी ने करवट ले ली। इसके अलावा, मुंबई में उनके कई घर हैं, जिनकी कीमत कुल मिलाकर 17 करोड़ रुपए से अधिक बताई जाती है।
धर्मेंद्र को शानदार गाड़ियों का जुनून था
धर्मेंद्र को शानदार गाड़ियों का जुनून भी था। 1960 में खरीदी पहली फिएट से लेकर विंटेज कारें और लग्जरी मर्सिडीज बेंज तक उनकी कार कलेक्शन में शान से खड़ी रहती थीं। फिल्मों के अलावा उन्होंने प्रोडक्शन में निवेश किया और यमला पगला दीवाना जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया। वह होटल कारोबार में भी उतरे और 2022 में गरम धरम ढाबा तथा बाद में करनाल हाईवे पर ही-मैन के नाम से रेस्टोरेंट की शुरुआत की। अपने अंतिम दिनों तक धर्मेंद्र फिल्म जगत से जुड़े रहे। करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इसके लिए 5 करोड़ रुपए फीस भी ली। धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका सिनेमाई मुकाम, लग्जरी जीवन और साधारण इंसान जैसा दिल हमेशा याद किया जाएगा।