UPI impact on CIBIL Score: दिनभर करते हैं UPI पेमेंट? इन छोटे-बड़े ट्रांजैक्शंस का CIBIL स्कोर पर असर जान लीजिए

डिजिटल इंडिया के दौर में हर छोटी-बड़ी पेमेंट के लिए UPI का इस्तेमाल आम हो गया है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी यह स्कैन और पे वाली आदत आपके सिबिल स्कोर और भविष्य के लोन पर क्या असर डालती है। जानिए क्या वाकई आपकी डिजिटल ट्रांजैक्शन हिस्ट्री आपका क्रेडिट प्रोफाइल बिगाड़ रही है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड17 Apr 2026, 02:28 PM IST
 क्या सिबिल स्कोर पर पड़ता है UPI ट्रांजैक्शन का असर?
क्या सिबिल स्कोर पर पड़ता है UPI ट्रांजैक्शन का असर?

UPI Impact on CIBIL Score: यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) ने हमारी रोजमर्रा की जिंदगी को बेहद आसान बना दिया है। अब पेमेंट करने के लिए न कैश की जरूरत पड़ती है और न ही कार्ड की, बस मोबाइल उठाइए और झट से भुगतान कर दीजिए, चाहे बड़ी दुकान हो या छोटा ठेला। दिनभर में हम कई बार UPI से ट्रांजैक्शन करते हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या इतनी ज्यादा डिजिटल पेमेंट्स का असर हमारे CIBIL स्कोर पर पड़ता है या नहीं।

क्या सच में पड़ता है असर?

सबसे पहले साफ कर दें, UPI पेमेंट्स का आपके सिबिल या क्रेडिट स्कोर पर कोई सीधा असर नहीं पड़ता। आप दिन में 10 बार UPI करें या 100 बार, इससे आपके स्कोर में न तो गिरावट आएगी और न ही बढ़ोतरी होगी। सिबिल स्कोर सिर्फ आपके लोन और क्रेडिट कार्ड से जुड़े व्यवहार पर निर्भर करता है, जैसे समय पर EMI भरना या क्रेडिट कार्ड का सही इस्तेमाल।

बैंक क्या देखते हैं?

जब आप किसी लोन के लिए अप्लाई करते हैं, खासकर पर्सनल या अनसेक्योर्ड लोन, तो बैंक सिर्फ आपका स्कोर नहीं देखते। वे आपके बैंक स्टेटमेंट को भी बारीकी से जांचते हैं। इसमें आपकी रोजमर्रा के ट्रांजैक्शंस, खर्च करने का तरीका और बैलेंस पैटर्न शामिल होता है। यहीं पर आपके UPI पेमेंट्स भी दिखाई देते हैं, जिससे बैंक को आपकी फाइनेंशियल आदतों का अंदाजा मिलता है।

बार-बार खाली खाता बना सकता है समस्या

लेंडर्स आपके अकाउंट का एक पैटर्न देखते हैं, जैसे कब सैलरी आती है और कितनी जल्दी खर्च हो जाती है। अगर आपका अकाउंट बार-बार जीरो बैलेंस के करीब पहुंच जाता है या पैसे आते ही खत्म हो जाते हैं, तो यह एक चेतावनी संकेत हो सकता है। हालांकि इससे आपका सिबिल स्कोर सीधे प्रभावित नहीं होता, लेकिन लोन देने का फैसला जरूर प्रभावित हो सकता है।

आपकी आदतें बहुत कुछ बताती हैं

UPI पेमेंट्स भले ही स्कोर को प्रभावित नहीं करते, लेकिन आपकी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री आपके फाइनेंशियल व्यवहार का आईना होती है। लेंडर्स इसी से समझते हैं कि आप अपने पैसे को कैसे मैनेज करते हैं और क्या आप भविष्य में लोन चुका पाएंगे या नहीं। यही कारण है कि कभी-कभी ब्याज दर या लोन अप्रूवल पर इसका असर दिख सकता है।

आखिर CIBIL स्कोर बनता कैसे है

आपका क्रेडिट स्कोर मुख्य रूप से इन चीजों पर निर्भर करता है:

  • समय पर EMI और क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान,
  • कितना कर्ज लिया है और कितना बाकी है,
  • क्रेडिट हिस्ट्री कितनी पुरानी है।

UPI पेमेंट्स इनमें शामिल नहीं होते, इसलिए सीधे तौर पर स्कोर पर असर नहीं डालते।

UPI पेमेंट्स से आपका CIBIL स्कोर खराब नहीं होता, लेकिन आपके खर्च करने का तरीका जरूर मायने रखता है। अगर आप अपने अकाउंट को संतुलित रखते हैं और पैसे को सही तरीके से मैनेज करते हैं, तो लोन लेने में कोई दिक्कत नहीं होगी। डिजिटल पेमेंट्स का इस्तेमाल जरूर करें, लेकिन फाइनेंशियल अनुशासन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीUPI impact on CIBIL Score: दिनभर करते हैं UPI पेमेंट? इन छोटे-बड़े ट्रांजैक्शंस का CIBIL स्कोर पर असर जान लीजिए
More