US Tariff on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत पर एक बार पर फिर से टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक ऐसे बिल को हरी झंडी दी है, जो वॉशिंगटन को उन देशों पर भारी टैरिफ लगाने की अनुमति देता है, जो रूसी पेट्रोलियम पदार्थों की खरीद करते हैं। इस बिल के आने के बाद रूस से तेल खरीद रहे भारत पर भी 500% तक टैरिफ लग सकता है। ट्रंप के इस कदम ने भारत और अमेरिका के रिश्ते को और नाजुक बना दिया है।
क्या है बिल का नाम?
रूस से तेल लेने वाले देशों पर टैरिफ लगाने वाले इस बिल का नाम रूस प्रतिबंध बिल 2025 ( Sanctioning Russia Act of 2025 ) है। ट्रंप की मंजूरी के बाद अब इस बिल को दोनों पार्टियों की मंजूरी के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। इस बिल को पास होने के बाद राष्ट्रपति को उन देशों से अमेरिका में आयात किए जाने वाले सभी सामानों और सेवाओं पर ड्यूटी की 500 प्रतिशत तक बढ़ाना होगा, जो जानबूझकर रूसी मूल के यूरेनियम और पेट्रोलियम उत्पादों के आदान-प्रदान में शामिल हैं।
अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सीधे तौर पर भारत का नाम लिया है। लिंडसे ग्राहम ने कहा कि यह बिल राष्ट्रपति ट्रंप को चीन, भारत और ब्राजील जैसे देशों के खिलाफ बहुत ज्यादा बढ़त देगा, ताकि उन्हें सस्ता रूसी तेल खरीदना बंद करने के लिए मजबूर किया जा सके। इसके अलावा इस बिल में रूस या उसकी तरफ से काम करने वाले लोगों ने यूक्रेन के साथ शांति समझौते पर बातचीत करने से इनकार किया,तो 500 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जा सकता है।