
ELSS और PPF दोनों टैक्स बचाने वाले लोकप्रिय निवेश विकल्प हैं, लेकिन लोग अक्सर इनके बीच उलझ जाते हैं क्योंकि दोनों से ही अच्छा रिटर्न और टैक्स छूट (धारा 80C के तहत ₹1.5 लाख तक) मिलता है। PPF लंबे समय से सुरक्षित और स्थिर निवेश के रूप में पसंद किया जाता रहा है, जबकि ELSS हाल के वर्षों में अपनी अधिक रिटर्न क्षमता के कारण तेजी से लोकप्रिय हुआ है।
हालांकि, ELSS में पैसा शेयर बाज़ार से जुड़ा होता है इसलिए इसमें उतार–चढ़ाव अधिक रहता है, जबकि PPF सरकारी गारंटी वाला सुरक्षित निवेश है, जिसमें जोखिम बहुत कम होता है। ELSS (Equity Linked Savings Scheme) मूलतः टैक्स सेविंग म्यूचुअल फंड है जो मुख्य रूप से इक्विटी में निवेश करता है।
इसमें सिर्फ 3 साल का लॉक-इन होता है और निवेशक चाहे तो SIP के रूप में ₹500 से भी शुरुआत कर सकते हैं। ELSS में 11–14% तक का ऐतिहासिक रिटर्न देखने को मिला है, लेकिन यह मार्केट पर निर्भर है इसलिए रिटर्न तय नहीं होता। ELSS में निवेश पर ₹1.5 लाख तक टैक्स छूट मिलती है और ₹1 लाख से ऊपर के लाभ पर 10% LTCG टैक्स लगता है।
दूसरी ओर, PPF (Public Provident Fund) सरकार द्वारा संचालित सुरक्षित निवेश योजना है, जिसमें फिलहाल 7.1% ब्याज मिलता है। PPF पूरी तरह टैक्स-फ्री है न निवेश पर टैक्स, न ब्याज पर और न ही मैच्योरिटी रकम पर।
इसमें 15 साल का लंबा लॉक-इन होता है, लेकिन छठे साल से आंशिक निकासी और तीसरे साल से लोन सुविधा मिल सकती है। इसमें ₹500 से शुरुआत करके साल में अधिकतम ₹1.5 लाख तक निवेश किया जा सकता है।
अब बात आती है कौन सा विकल्प चुनें? इसका जवाब आपकी जरूरतों और जोखिम उठाने की क्षमता पर निर्भर करता है। अगर आप मार्केट के उतार-चढ़ाव झेल सकते हैं और बेहतर रिटर्न चाहते हैं, साथ ही आपको ज्यादा लिक्विडिटी चाहिए, तो ELSS बेहतर है।
अगर आपका लक्ष्य सुरक्षित, स्थिर और लंबे समय के लिए जोखिम-रहित निवेश है, तो PPF सही विकल्प है। दोनों ही योजनाओं में बेहतर फायदा लंबे समय तक निवेश करने पर मिलता है।
(डिस्क्लेमर: यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से है। यह किसी प्रकार की वित्तीय या निवेश सलाह नहीं है। निवेश करने से पहले अपने जोखिम प्रोफाइल का मूल्यांकन करें और योग्य वित्तीय सलाहकार से सलाह लें। बाजार की स्थितियां और नियम समय-समय पर बदल सकते हैं।)
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.