देशभर के अधिकांश हिस्सों में इस वक्त मॉनसूनी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से कुछ लोगों ने राहत भरी सांस ली है। वहीं किसानों के लिए बारिश आफत बनकर गिर रही है। कुछ राज्यों में भारी बारिश की वजह से किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। अगर आप भी किसान हैं और फसल बर्बाद होने की वजह से चितिंत हैं, तो केंद्र सरकार ने ऐसे वक्त के लिए एक सरकारी योजना पीएम फसल बीमा योजना शुरू की है।
फसल बीमा योजना क्यों जरूरी है?
पीएम फसल योजना उन सभी किसानों के लिए एक ढाल का काम करती है जिनकी फसल प्राकृतिक आपदाओं (जैसे बाढ़, सूखा, कीटों का हमला या ओले) की भेंट चढ़ जाती है। जब फसल खराब होती है, तो ये योजना सुनिश्चित करती है कि किसान कर्ज के जाल में न फंसे और उसे अपनी लागत का कम से कम कुछ हिस्सा वापस मिल सके।
कौन ले सकता है इस योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को कुछ शर्तों का पालन करना पड़ता है। आइए जानते हैं।
पीएम फसल योजना के लिए जरूर दस्तावेज
- आधार कार्ड्
- खतौनी
- बैंक पासबुक
- खेत में कौन सी फसल लगाई है, इसका ब्योरा।
- बुवाई प्रमाण पत्र
पीएम फसल बीमा योजना के लिए आवेदन करने का तरीका
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए आवेदन करने के दो तरीके है। आप इस योजना में ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीके से आवेदन कर सकते हैं। आइए पहले ऑनलाइन तरीके के बारे में जानते हैं।
रजिस्ट्रेशन करने का ऑनलाइन तरीका
सबसे पहले प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmfby.gov.in पर जाना होगा।
- उसके बाद Farmer Corner पर क्लिक करके खुद को रजिस्टर करना होगा।
- अब अपना आधार नंबर डालकर ओटीपी दर्ज करें।
- लॉगइन करने के बाद अपने फसल और जमीन की जानकारी भरें।
- अब अपने प्रीमियम का भुगतान करें।
इसके अलावा आप ऑफलाइन तरीके से भी इस योजना में रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए बस आपको अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC) पर जाना होगा। इसके साथ ही आप अपने नजदीकी बैंक या अधिकृत बीमा कंपनी के कार्यालय में जाकर भी फॉर्म भर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन करवाने की आखिरी तारीख क्या है?
अगर आप खरीफ सीजन की खेती करते हैं, तो आपके पास पंजीकरण करवाने के कुछ ही दिन बचे हैं। आप 31 जुलाई तक ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा आपके पास केसीसी (KCC) खाता है, तो आपका बीमा अक्सर बैंक खुद ही कर देता है। हालांकि, एक बार बैंक से सुनिश्चित कर लें कि आपकी फसल का बीमा हो चुका है या नहीं।