Biometric Payment Technology: हर बार ऑनलाइन पेमेंट करते वक्त OTP का इंतजार करना, फिर उसे टाइप करना। ये सब अब बीते जमाने की बात हो सकती है। फेडरल बैंक ने एक बड़ी पहल करते हुए भारत में पहली बार ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसमें ग्राहक सिर्फ अपने चेहरे की पहचान (Face ID) या फिंगरप्रिंट से ई-कॉमर्स पेमेंट कर सकेंगे। यानी अब न कोई OTP आएगा, न उसे भरने की झंझट, बस एक टच से पेमेंट हो जाएगा।
ये सुविधा न सिर्फ पेमेंट को तेज बनाएगी, बल्कि सुरक्षा के मामले में भी एक नया स्टैंडर्ड सेट करेगी। फेडरल बैंक का कहना है कि यह कदम ग्राहकों को एक स्मूद, सुरक्षित और फ्यूचर-रेडी डिजिटल अनुभव देने की दिशा में उठाया गया है।
कैसे होगा बिना OTP के पेमेंट?
पहली बार जब आप पेमेंट करेंगे,सिस्टम पूछेगा कि OTP की किचकिच से छुटकारा चाहते हैं? हां कहिए, फिर मोबाइल पर सिर्फ फिंगर प्रिंट या फेस दिखाइए। बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की अनुमति देने पर आपके मोबाइल पर एक पॉपअप आएगा, जिसमें फिंगरप्रिंट या फेस ID से पहचान ली जाएगी। बस एक टच या एक नजर और वेरिफिकेशन भी पूरा हो जाएगा।
इसके बाद दो क्लिक में आपका ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा। ये सुविधा पेटीएम, फोनपे, गूगल पे जैसे ऐप्स पर Android 5.0+ और iOS 13.0+ डिवाइसों में उपलब्ध है, और धीरे-धीरे अन्य मर्चेंट ऐप्स पर भी लागू की जाएगी। अगर कभी बायोमेट्रिक पहचान फेल होती है, तो बैंक OTP भेजकर पेमेंट पूरा करने का विकल्प देगा।
बता दें कि फेडरल बैंक की यह सुविधा पूरी तरह RBI के नियमों पर आधारित है, जिसमें बायोमेट्रिक पुष्टि के साथ आपका मोबाइल ही सेकंड फैक्टर बन जाता है। फिंगरप्रिंट या फेस ID जैसी तकनीक को चुराना लगभग नामुमकिन है, जिससे कार्ड स्कैम और SIM क्लोनिंग जैसी समस्याएं अब पीछे छूट जाती हैं। मर्चेंट्स के लिए एक आसान SDK उपलब्ध है, जिसे अपने ऐप में लगाकर वे ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और सहज पेमेंट अनुभव दे सकते हैं।